बिहार: ‘राष्ट्रीय लोक जनता दल’ नई पार्टी बनाने की उपेंद्र कुशवाहा ने की घोषणा, MLC पद से भी देंगे इस्तीफा

बिहार में नीतीश कुमार और उपेंद्र कुशवाहा की तनातनी ने नया मोड़ ले लिया है। आखिरकार, बगावती तेवर अपनाए उपेंद्र कुशवाहा ने नई पार्टी बनाने की घोषणा कर दी। कुशवाहा ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस किया, जिसमें उन्होंने कहा कि वे आज से नई शुरुआत करने जा रहे हैं। 

मीडिया से बातचीत करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने बताया कि वे नई पार्टी ‘राष्ट्रीय लोक जनता दल’ बनाने जा रहे हैं। कुशवाहा ने कहा कि बिहार की जनता ने नीतीश कुमार को राज्य चलाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। जॉर्ज फर्नाडिंस के कारण नीतीश कुमार पार्टी के मुखिया बने थे। उस समय बिहार की जनता तबाह थी। हमने जनता को उस हालात से निकालने के लिए 10-12 साल तक संघर्ष चला। हम सब साथ रहे। बिहार को खौफनाक मंजर से निकालने में पूरी ताकत लगा दी।

कुशवाहा ने आगे नीतीश कुमार की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि उस समय नीतीश जी ने बहुत अच्छा काम किया था लेकिन अंत भला तो सब भला होता है। बाद में अंत भला नहीं हुआ। कुछ को छोड़कर जद (यू) में हर कोई चिंता व्यक्त कर रहा था। निर्वाचित सहयोगियों के साथ बैठक हुई और निर्णय लिया गया है। नीतीश कुमार ने शुरुआत में अच्छा किया लेकिन अंत में जिस रास्ते पर उन्होंने चलना शुरू किया है, वह उनके और बिहार के लिए बुरा है।

इससे पहले, कुशवाहा ने पटना में बैठक बुलाई थी। जिसमें जदयू से जुड़े नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। दो दिनों तक बैठक चली। यह बैठक पटना के सिन्हा लाइब्रेरी परिसर में हुई। बैठक में जितेंद्र नाथ, सुभाष कुशवाहा, माधव आनंद, विधान पार्षद रामेश्वर महतो और रेखा गुप्ता को कुशवाहा ने कार्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी दी थी। सभी लोग पूर्व में जदयू को पदाधिकारी रह चुके हैं।

इस बैठक के शुरू होते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि उपेंद्र कुशवाहा जदयू से अपनी राहें अलग करने वाले हैं। आखिरकार, सोमवार को उन्होंने घोषणा भी कर दी।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker