यूपी: महाशिवरात्रि मेले में नहीं ले जाने पर महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

थरवई क्षेत्र के पैगंबरपुर गांव में पति से झगड़े के बाद महिला का शव फंदे से लटका मिला। पति ने कहा कि वह महाशिवरात्रि मेला नहीं ले जाने की वजह से नाराज थी और आत्महत्या कर ली, जबकि मायके वालों ने गला घोंटकर मारने का आरोप लगाया है।

यह है पूरा मामला

पैगंबरपुर गांव निवासी विजय कुमार मजदूरी करता है। परिवार में पत्नी राधा देवी और दो बच्चे छह साल की प्रिया और चार साल का अजीत है। शनिवार को महाशिवरात्रि पर राधा ने पति विजय से कहा कि वह पड़िला मंदिर में लगे मेले में जाना चाहती है। विजय ने कहा कि दो दिन का मेला है, कल चली जाना। इस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विजय घर से निकलकर रिश्तेदार के यहां चला गया। कुछ देर बाद बेटी प्रिया ने मां राधा को पंखे से लटका देख शोर मचाया तो भीड़ जुटी।

मायके वालों ने पति पर लगाया हत्या का आरोप

राधा को फंदे से उतारा गया लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। खबर पाकर थरवई पुलिस पहुंची फिर फूलपुर के सराय अब्दुल मलिक गांव से राधा के माता-पिता और भाई आ गए। उन्होंने कहा कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि गला दबाकर कत्ल का मामला है। भाई राकेश कुमार ने कहा कि राधा को उसका पति विजय अक्सर मारता-पीटता था। पति की हरकत से परेशान राधा पहले भी दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी। उपनिरीक्षक अखिलेश ने कहा कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पीएम रिपोर्ट का इंतजार है जिससे सही कारण पता चल सकेगा।

पत्नी पर चापड़ से किया वार

मीरापुर हर्षवर्धन में रहने वाले ने सोनू चौधरी ने पत्नी नंदनी पर चापड़ से हमला कर दिया। इससे नंदनी जख्मी हो गई। उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में नंदनी के पिता धनीराम चौधरी ने अतरसुइया थाने में सोनू और सूरज चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है।

युवक पर चाकू से किया हमला

प्रेमनगर कैंट में रहने वाले गोलू पर एक शख्स ने चाकू से हमला कर दिया। सोनू की तहरीर पर कैंट पुलिस ने कमल उर्फ भोला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि पैसे के विवाद को लेकर कमल उर्फ भोला गाली-गलौज कर रहा था। विवाद बढ़ने उसने गोलू पर चाकू से हमला कर दिया।

नशे में अपमानित करने पर ली थी महेंद्र की जान

बदरा गांव में गुरुवार रात विवाह पंडाल के पीछे महेंद्र यादव की पीटकर हत्या के आरोपित पुटरू यादव को गिरफ्तार कर पुलिस ने पूछताछ की तो उसने गुनाह स्वीकार लिया। बताया कि महेंद्र और उसके साथी ने नशे में उसे अपमानित किया तो हलवाई का छन्ना लाकर सिर पर हमला कर दिया था। बदरा गांव का 35 वर्षीय महेंद्र यादव को गुरुवार रात एक शादी समारोह में पीटकर मार डाला गया था। पुलिस ने नामजद मुकदमा लिखकर आरोपित अखिलेश यादव उर्फ पुटरू से पूछताछ की तो उसने जुर्म स्वीकारते हुए कत्ल का पूरा किस्सा सुना दिया। बताया कि उस रात नौ बजे वह शादी पंडाल के पीछे पुलिया पर बैठा था तभी नशे में धुत महेंद्र यादव और राजा उसे बैठा देख गालियां देने लगे। इससे गुस्साए पुटरू ने छन्ना से पीटकर मार डाला।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker