फ़ौजा सिंह सरारी ने मंत्री पद से दिया इस्तीफा, भ्रष्टाचार का लगा था आरोप

अमृतसर: पंजाब के कैबिनेट मंत्री फ़ौजा सिंह सरारी ने आज शनिवार (7 जनवरी) को अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। सरारी ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए अपना पद छोड़ा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि मैं पार्टी का वफादार सिपाही हूं और हमेशा रहूंगा। इसके साथ ही भगवंत मान कैबिनेट में बड़े बदलाव की संभावना भी जताई जा रही है।

बता दें कि, आम आदमी पार्टी (AAP) नेता फौजा सिंह पर पहले भ्रष्टाचार के आरोप भी लगे थे। दरअसल, फौजा सिंह सरारी की एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई थी। दावा किया गया था कि वायरल ऑडियो में सरारी अपने एक करीबी से ‘जबरन वसूली की प्लानिंग’ को लेकर चर्चा कर रहे थे। फ़ौजा सिंह स्वतंत्रता सेनानी रक्षा सेवाओं, कल्याण खाद्य प्रसंस्करण और बागवानी विभाग संभाल रहे थे। हालांकि फौजा सिंह सरारी ने आरोपों को ख़ारिज करते हुए पुलिस में लीक ऑडियो क्लिप के खिलाफ शिकायत दी थी। मंत्री ने ऑडियो क्लिप को फर्जी बताते हुए इसे एक बड़ी साजिश का हिस्सा करार दिया था।

वहीं, सरारी के इस्तीफे के बाद पंजाब कैबिनेट में बड़े बदलाव की संभावना है। बताया जा रहा है कि पंजाब की भगवंत मान सरकार के कई मंत्रियों के विभाग बदले जा सकते हैं। इसके साथ ही नए चेहरों को अवसर मिल सकता है। सूत्रों के अनुसार, आज शाम 5 बजे से पहले राज्यपाल निवास में एक कार्यक्रम में शपथ दिलाई जा सकती है।

Back to top button