बढ़त के साथ बंद हुआ शेयर बाजार : सेसेंक्स 721 अंक बढ़कर 60,566 पर बंद, निफ्टी 203 अंक चढ़ा

दिल्ली: शेयर बाजार में हफ्ते के पहले कारोबारी दिन, यानी सोमवार (26 दिसंबर) को तेजी देखने को मिली। लगातार 4 दिन की गिरावट के बाद बाजार में यह तेजी आई है। सेंसेक्स 721 अंक बढ़कर 60,566 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी 207 अंक की बढ़त के साथ 18,014 के स्तर पर पहुंच गया। सेंसेक्स के 30 में से 24 शेयरों में तेजी रही। वहीं सिर्फ 6 शेयरों में गिरावट रही।

SBI-इंडसइंड बैंक टॉप गेनर
SBI, इंडसइंड बैंक, हिंडाल्को, कोल इंडिया, बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, एक्सिस बैंक समेत निफ्टी के 40 शेयरों में तेजी रही। वहीं सिप्ला, डिविस लैब, डॉ रेड्‌डी, नेस्ले इंडिया, कोटक बैंक, अपोलो हॉस्पिटल समेत निफ्टी के 10 शेयरों में गिरावट देखने को मिली।

PSU बैंक सेक्टर में 7.29% की तेजी
NSE के 11 सेक्टोरल इंडेक्स में से 10 में तेजी देखने को मिली। PSU बैंक सेक्टर में सबसे ज्यादा 7.29% की तेजी रही। बैंक, मीडिया, मेटल, प्राइवेट बैंक और रियल्टी सेक्टर में 2% से ज्यादा की तेजी आई। ऑटो और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में 1% से ज्यादा की बढ़त रही। FMCG और IT सेक्टर में भी मामूली तेजी देखने को मिली। सिर्फ फार्मा सेक्टर में गिरावट रही।

कोरोना के डर से बीते हफ्ते टूटा था बाजार
कोरोना के डर से बीते हफ्ते बाजार काफी ज्यादा टूटा था। सेंसेक्स पिछले पांच कारोबारी दिन में 1,636.91 अंक यानी 2.66% गिरा। वहीं निफ्टी में 472.65 अंक यानी 2.59% की गिरावट रही थी।

19 लाख करोड़ रुपए घटा था मार्केट कैप
BSE का मार्केट कैप 7 ट्रेडिंग सेशन में करीब 19 लाख करोड़ रुपए घटकर 272.12 लाख करोड़ पर आ गया था। 14 दिसंबर को ये 291.25 लाख करोड़ था। अकेले शुक्रवार को, निवेशकों की वेल्थ में 8.43 लाख करोड़ की कमी आई है। पिछले सत्र में मार्केट कैप 280.55 करोड़ था।

शेयर बाजार में हफ्ते के 5वें और आखिरी कारोबारी दिन, यानी शुक्रवार (23 दिसंबर) को गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 980 अंक टूटकर 59,845 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी 320 अंक गिरकर 17,806 के स्तर पर आ गया था।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker