बीजेपी विधायक राहुल नार्वेकर ने विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए पर्चा भरा

दिल्लीः महाराष्ट्र में गुरुवार को सत्ता परिवर्तन हो चुका है. बीजेपी और शिवसेना के बागी विधायकों ने मिलकर राज्य में नई सरकार का गठन किया है. इस बीच शुक्रवार को महाराष्ट्र विधानसभा स्पीकर पद के लिए बीजेपी विधायक राहुल नार्वेकर ने अपना नामांकन दाखिल किया. विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव 3 जुलाई को होगा.

गौरतलब है कि गुरुवार को शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, जबकि वहीं देवेंद्र फडणवीस ने राज्य के उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली.

आपको बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा स्पीकर का पद पिछले दो साल से खाली है. अब अध्यक्ष पद का चुनाव विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र से पहले 3 जुलाई को होगा. इससे पहले महाराष्ट्र विधानसभा के स्पीकर नाना पटोले थे. उनके पद छोड़ने के बाद से ही यह खाली पड़ा है.

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता देवेंद्र फडणवीस के ‘मास्टरस्ट्रोक’ के कारण वह मुख्यमंत्री के पद पर पहुंचे हैं. उन्होंने कहा, ‘‘लोगों को लगा कि भाजपा सत्ता के लिए बेताब है, लेकिन सच में यह देवेंद्र जी का ‘मास्टरस्ट्रोक’ है। बड़ी संख्या में (विधायकों के) होने के बावजूद किसी अन्य व्यक्ति को सत्ता सौंपने के लिए बड़े दिल की जरूरत होती है.’’

Back to top button