तंज़ानिया में इंटरनेट स्टार किली पॉल पर चाकू से हमला

दिल्ली: तंजानिया के इंटरनेट सेंसेशन किली पॉल पर अज्ञात हमलावरों ने चाकू से हमला किया है और उन्हें डंडों से भी मारा है। अपने इंस्टाग्राम पर स्टोरी पोस्ट करके किली ने इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने जो वीडियो पोस्ट किया, उसमें वह स्ट्रेचर पर लेटे हुए हैं, अंगूठे पर पट्‌टी बंधी है और पैरों पर घाव के निशान दिखाई दे रहे हैं।

अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में उन्होंने लिखा- ‘कुछ लोग मुझे गिरते हुए देखना चाहते हैं, लेकिन ईश्वर मुझे हमेशा ऊपर ही उठाएंगे। मेरे लिए दुआ कीजिए।’ किली पर किसने और कब हमला किया, इसके बारे में फिलहाल काेई जानकारी नहीं है। किली हिंदी गानों पर अपने लिप-सिंक और डांस वीडियो के लिए जाने जाते हैं। उन्हें और उनकी बहन नीमा पॉल को फरवरी में तंजानिया में भारतीय हाई कमीशन ने सम्मानित किया था। इसके बारे में उन्होंने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट किया था।

इतना ही नहीं, अपने लिप-सिंक वीडियो से किली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी ध्यान अपनी तरफ खींचा। मोदी ने फरवरी में मन की बात में किली और उनकी बहन की तारीफ की थी। तब मोदी ने युवाओं से अपील की थी कि वे भी अलग-अलग भाषाओं में भारतीय गानों के वीडियो बनाएं। इससे ने सिर्फ युवाओं को लोकप्रियता मिलेगी, बल्कि नई जेनरेशन को देश की विविधता भी देखने को मिलेगी।

Back to top button