अफगान सरकार के मीडिया और सूचना निदेशक की हत्या की

अफगानिस्तान सरकार के मीडिया और सूचना निदेशक दावा खान मेनपाल की काबुल में हत्या कर दी गई है। तालिबान ने दावा खान की हत्या की जिम्मेदारी ली है। टोलो न्यूज़ ने इस बात की जानकारी दी है।

यह हत्या तालिबान द्वारा काबुल में रक्षा मंत्री के घर पर हमले के कुछ दिनों बाद हुई है। तालिबान के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने दावा खान की मौत को लेकर कहा है कि दावा को उसके कार्यों के लिए दंडित किया गया है।

दावा लगातार अफगान सरकार की बातों और स्टैंड को ट्वीट किया करते थे। दावा खान हालिया दिनों में पाकिस्तानी छद्म युद्ध के खिलाफ बहुत बोल रहे थे। बता दें कि दावा खान अफगान सरकार के पूर्व प्रवक्ता रहे हैं।

अफगानिस्तान गृह मंत्रालय के प्रवक्ता मीरवाइस स्टानिकजई ने दावा की हत्या को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा, ‘क्रूर आतंकियों ने एक बार फिर कायरतापूर्ण काम किया है। एक देशभक्त अफगान को शहीद कर दिया।’

Back to top button