सीएम तीरथ सिंह के गंगोत्री से भी चुनाव लड़ने के कयास

ऋषिकेश। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत किस सीट से चुनाव लड़ेंगे इस पर अगले दो दिन में विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गंगोत्री विधानसभा सीट भी उनके चुनाव क्षेत्र के लिए प्रस्तावित सीट में शामिल है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक बुधवार को ऋषिकेश आगमन पर पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ सिंह रावत के चुनाव क्षेत्र को लेकर संगठन दो दिन में इस पर चर्चा करेगा और जो भी निर्णय होगा उससे सबको अवगत करा दिया जाएगा।

पूछे जाने पर उन्होंने स्वीकार किया कि गंगोत्री विधानसभा सीट भी मुख्यमंत्री के चुनाव लड़ने वाली संभावित प्रमुख सीट में शामिल है। इसके अतिरिक्त अन्य सीट पर भी विचार होगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गंगोत्री विधानसभा सीट में उपचुनाव होना है, यह चुनाव कब होना है यह चुनाव आयोग को तय करना है। उन्होंने कहा कि थराली, पिथौरागढ़ और सल्ट विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में परिस्थिति ऐसी बनी जो दिवंगत विधायक के परिवार के सदस्य को चुनाव लड़ना पड़ा, क्योंकि इन सभी जगह उनका परिवार सक्रिय भूमिका में रहा है।

कौशिक ने बताया कि प्रदेश में जल्द ही भाजपा अपनी राजनीतिक गतिविधियां शुरू कर देगी। इस माह के अंतिम सप्ताह या अगले माह के प्रथम सप्ताह में प्रदेश कार्यसमिति और चिंतन बैठक बुलाई गई है।
Back to top button