दिल्ली समेत 18 राज्यों में आज बारिश की संभावना : मौसम विभाग

मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। गुरुवार को उत्तर भारत के कई राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य के करीब रहा। मॉनसून के तेज रफ्तार से आगे बढ़ने का असर उत्तर भारत पर पड़ सकता है।

यही कारण है कि मौसम विभाग ने 12 से 13 जून को दिल्ली-एनसीआर में बारिश और पंजाब व हरियाणा के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है।

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे की ओर बढ़ रहा है। भारत के मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि मॉनसून के प्रभाव के कारण शुक्रवार को गोवा, कर्नाटक, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, केरल, महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।

गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, आर्द्रता का स्तर 47 से 82 प्रतिशत के बीच बना रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार शाम को 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान लगाया है। अधिकारी ने बताया कि 15 जून तक राजधानी में लू नहीं चलने की उम्मीद है।

उत्तर प्रदेश में, कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक बना रहा, जबकि आगरा सबसे गर्म रहा जहां तापमान 41.6 डिग्री तक पहुंच गया। इलाहाबाद में अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस, जबकि झांसी में 41.3 डिग्री और वाराणसी में 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ में मौसम कार्यालय ने शुक्रवार को राज्य के अलग-अलग स्थानों पर बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker