गांधी जयंती पर आज देशभर में होंगी विशेष ग्राम सभाएं

महात्मा गांधी की जयंती पर शुक्रवार को देशभर में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें शासन सुधार, प्रमुख सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और गांवों की विकास प्राथमिकताओं पर चर्चा होगी।
पंचायती राज मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि इन ग्राम सभाओं के साथ पीपुल्स प्लान कैंपेन 2026-27 ‘सबकी योजना, सबका विकास’ की शुरुआत भी होगी।
इसके तहत ग्राम पंचायतें भागीदारी और तथ्यों पर आधारित योजना के जरिए 2027-28 के लिए ग्राम पंचायत विकास योजनाएं तैयार करेंगी।
ग्राम सभाओं में नागरिक और स्थानीय प्रतिनिधि सरकारी योजनाओं के लाभ, उनके क्रियान्वयन और स्थानीय जरूरतों की समीक्षा करेंगे।
वित्त आयोग अनुदान, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान, ई-ग्रामस्वराज, ऑडिट ऑनलाइन, स्वामित्व योजना और पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।
इसके अलावा जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), वन नेशन वन राशन कार्ड, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड्स आधुनिकीकरण कार्यक्रम को लेकर जानकारी दी जाएगी।





