बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर महोबा पहुंची जन आक्रोश यात्रा, अधिवक्ताओं ने किया समर्थन

महोबा: वनवासी राम (चित्रकूट) से रामराजा सरकार (ओरछा धाम) तक 16 फरवरी से 13 मार्च 2026 के बीच निकाली जा रही अखण्ड बुंदेलखंड जन आक्रोश यात्रा मंगलवार को महोबा जिले में प्रवेश कर गई। यात्रा के दौरान विभिन्न गांवों में लोगों का समर्थन देखने को मिला और बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग जोर पकड़ती नजर आई।
यात्रा 16 फरवरी को चित्रकूट स्थित कामतानाथ मंदिर से प्रारंभ होकर बांदा, पन्ना, दमोह, सागर, टीकमगढ़, ललितपुर, दतिया, जालौन और हमीरपुर होते हुए महोबा पहुंची। यात्रा मार्ग में गांव-गांव जनसंपर्क कर पर्चे वितरित किए गए। वक्ताओं ने कहा कि जब अन्य भाषाई क्षेत्रों को उनका राज्य मिल सकता है तो बुंदेली भाषी क्षेत्र को अलग राज्य क्यों नहीं।
महोबा कचहरी में अधिवक्ताओं के साथ जनसंपर्क किया गया, जहां अधिवक्ता समिति ने बुंदेलखंड राज्य की मांग का समर्थन किया। अधिवक्ता सभागार में आयोजित बैठक में कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने राज्य निर्माण के संभावित लाभों पर प्रकाश डाला।
बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के अध्यक्ष भानू सहाय के नेतृत्व में आल्हा चौक से मशाल जुलूस भी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। आयोजकों ने कहा कि अब राज्य निर्माण का संघर्ष आर-पार की लड़ाई होगा और जनप्रतिनिधियों से स्पष्ट रुख की मांग की जाएगी।
यात्रा में भानू सहाय, अशोक सक्सेना, एडवोकेट रघुराज शर्मा, वरुण अग्रवाल, हनीफ खान, रामजी पारीछा, अमित त्रिपाठी, भगवान सिंह यादव, सिकंदर सहित अन्य लोग शामिल रहे।

Back to top button