दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी

दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और तेज हवाओं के साथ कई जगहों पर बूंदाबांदी भी हुई है। इससे दिल्ली एनसीआर में रह रहे लोगों को एक बार फिर ठंड का अहसास होने लगा है। इस बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी आंधी तूफान और बारिश की आशंका जताई है। इसी के साथ दिल्ली एनसीआर के कुछ इलाकों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में शुक्रवार को सुबह आसमान में बादल छाये रहे और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से 5.9 डिग्री ज्यादा है। वहीं मौसम विभाग ने दिनभर बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इसके अलावा आंधी तूफान की आशंका भी जताई गई है। गाजियाबाद में इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है जबकि गौतम बुद्ध नगर में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

मार्च के पहले तीन दिन गिरेगा तापमान

मौसम विभाग की मानें तो एक और दो मार्च को दिल्ली में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री नीचे गिर सकता है जिससे दिल्लीवासियों को एक बार फिर ठंड का अहसास हो सकता है। इसी के साथ दिल्ली में इस दिन बादल छाए रहने और हल्की बारिश की आशंका जताई गई है। वहीं गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में आंधी तूफान के आसार हैं। मौसम विभाग ने इन दोनों जगहों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं बात करें तापमान की तो दिल्ली में इस दौरान न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री के आसपास रह सकता है। इसके बाद 2 मार्च को भी तापमान में कुछ खास बदलाव नहीं आएगा लेकिन धुंध छाई रह सकती है। इसके अलावा दिल्ली एनसीआर के किसी भी इलाके के लिए इस दिन कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

इसके बाद तीन मार्च को भी धुंध छाए रहने की संभावना है लेकिन न्यूनतम तापमान एक डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं अधिकतम तापमान दो डिग्री बढ़ सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 डिग्री के आसपास रह सकता है।

4, 5 और 6 मार्च को कैसा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक 4 और पांच मार्च को दिल्ली में दिन के समय तेज सतही हवाएं चल सकती है। वहीं 4 मार्च को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं पांच मार्च को यह 14 डिग्री और 26 डिग्री के आसपास रह सकता है। इसके बाद 6 मार्च को भी न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री के दर्ज किया जा सकता है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker