अध्यक्ष पदों के लिए भाजपा ने 77 उम्मीदवार किए घोषित

लंबी कसरत के बाद भाजपा ने नगर निकाय चुनाव के लिए शुक्रवार देर रात अध्यक्ष पदों के लिए प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। इनमें नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के 38 व नगर पंचायत अध्यक्ष पद के 39 प्रत्याशी शामिल हैं। इसमें क्षेत्रीय समीकरण और प्रत्याशियों की क्षेत्र में पकड़ को आधार बनाया गया है।बताया गया कि नगर निगमों में महापौर पदों के साथ ही अन्य निकायों में शेष रह गए अध्यक्ष पदों और पार्षद व सभासद पदों के लिए उम्मीदवारों की सूची शनिवार को जारी की जा सकती है। इसे लेकर मंथन चल रहा है। भाजपा ने हाल में ही प्रत्याशी चयन को लेकर पर्यवेक्षकों के साथ दावेदारों के पैनल पर चर्चा की थी। इसके बाद 26 दिसंबर को हुई भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में दावेदारों के नामों पर मंथन किया गया।
इस बैठक से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वर्चुअली जुड़े थे, जबकि भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत समिति के सदस्य उपस्थित थे। तब कुछ नामों पर सहमति बन गई थी, जबकि शेष के संबंध में भाजपा नेतृत्व की शुक्रवार को मुख्यमंत्री के साथ बैठक हुई। इसके बाद निकाय अध्यक्षों की पहली सूची जारी कर दी गई।भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं कार्यालय प्रभारी आदित्य कोठारी की ओर से जारी प्रत्याशियों की पहली सूची में नगर पालिका अध्यक्ष के 38 व नगर पंचायत अध्यक्ष पदों के 39 उम्मीदवार शामिल हैं। उम्मीदवारों के चयन में पर्यवेक्षकों के साथ ही पार्टी द्वारा कराए गए सर्वे की रिपोर्ट को आधार बनाया गया। इसमें प्रत्याशी की छवि, क्षेत्र में पकड़, सांगठनिक सक्रियता, क्षेत्रीय व जातीय समीकरणों को भी साधा गया है।
निकायों में महापौर व अध्यक्ष समेत अन्य पदों के लिए 69 नामांकन
देहरादून: प्रदेश में सौ नगर निकायों के चुनाव के लिए नामांकन के पहले दिन नामांकन पत्रों की बंपर खरीद हुई। पांच हजार से ज्यादा व्यक्तियों ने महापौर, अध्यक्ष, पार्षद व सभासद पदों के लिए नामांकन पत्र खरीदे। पहले दिन महापौर व अध्यक्ष समेत पार्षद-सभासद पदों के लिए 69 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।
इनमें हल्द्वानी में महापौर के लिए एक, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष के लिए बड़कोट, बेरीनाग व मुनिकी रेती में एक-एक और नगर पंचायत लंढौरा में अध्यक्ष पद पर एक प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल किया।नगर निगमों में पार्षद पद के लिए 19 और नगर पालिका परिषद सदस्य के 43 व नगर पंचायत सदस्य के दो नामांकन पत्र भी दाखिल किए गए। निकाय चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ होने के साथ ही सभी जिलों में राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है।
निकाय चुनाव के लिए नामांकन के पहले दिन सभी जगह नामांकन पत्र खरीदने के लिए होड़ सी लगी रही। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 11 नगर निगमों के महापौर पदों के लिए 118 और पार्षद के लिए 1707 व्यक्तियों ने नामांकन पत्र खरीदे। इसके अलावा 43 नगर पालिका परिषद व 46 नगर पंचायत अध्यक्ष पदों के लिए 504 व्यक्तियों ने नामांकन पत्रों की खरीद की।
सभासद पदों के लिए लगभग 2700 व्यक्तियों ने नामांकन पत्र लिए। नामांकन पत्रों की खरीद व जमा करने के लिए 30 दिसंबर तक की अवधि निर्धारित है। जिस तरह से पहले दिन दावेदारों ने नामांकन पत्रों की खरीद को लेकर उत्साह दिखाया, उससे साफ है कि आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ेगी। राजनीतिक दलों की ओर से प्रत्याशी घोषित होने के बाद इनमें कितने नामांकन पत्र दाखिल करते हैं, इस पर सभी की निगाह टिकी है।