अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को चपेट में लिया, जेब से 50 हजार रुपए निकाले

लखनऊ, राजधानी लखनऊ में बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घायल को अस्पताल ले जाते समय किसी ने उसकी जेब से 50 हजार रुपए भी निकाल लिए। पीड़ित का कैंट स्थित कमांड अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिजनों ने रविवार शाम पीजीआई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिटायर्ड सूबेदार सुशील कुमार परिवार संग चरण भट्टा रोड पर स्थित मधुबन विहार कॉलोनी में रहते है। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती 2 दिसंबर की रात करीब साढ़े 8 बजे बेटा आकाश सिंह अपनी बाइक से अवध विहार वृंदावन सेक्टर-14 से घर की ओर आ रहा था। उसके पास 50 हजार रुपए कैश थे।

फ्लाई ओवर के पास किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मारी, जिससे बेटा गंभीर घायल हो गया। वाहन चालक उसे सड़क पर ही छोड़ कर भाग गया। इस दौरान दो अज्ञात लोगों ने घायल बेटे को एम्बुलेंस की मदद से पीजीआई के एपेक्स ट्रॉमा सेंटर टू पहुंचाया। देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे उन्हें फोन पर सूचना मिली कि बेटे का एक्सीडेंट हो गया है। मौके पर पहुंचा तो जानकारी हुई कि बेटा वेंटिलेटर पर है। उसके हाथ में फ्रैक्चर और लिवर डैमेज के साथ सिर में गंभीर चोटें आईं हैं। उसके पास से 50000 रुपए भी गायब है।

इसके बाद डॉक्टर ने बताया कि उनके पास वेंटिलेटर उपलब्ध नहीं है। केवल एक छोटा ऑक्सीजन सिलेंडर है। कोई न्यूरोसर्जन भी उपलब्ध नहीं है। बेटा गंभीर हालत में है। इस पर हम बेटे को लेकर कमांड अस्पताल गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। इधर, इंस्पेक्टर पीजीआई रवि शंकर त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker