सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात,कोहरे से ढकी राजधानी
लखनऊ, राजधानी लखनऊ में सुबह से कोहरा छाया है। धुंध के कारण विजिबिलिटी आधा किमी से भी कम है। सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। सुबह पारा 14 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रात में पारा गिरकर 10 डिग्री के आस-पास पहुंच गया। इस सीजन में मंगलवार की रात सबसे ठंडी रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में पारे में गिरावट का दौर जारी रहेगा। सर्दी का असर भी तेज होगा।
अलसुबह से कोहरे-धुंध से ठिठुरन का असर है। दोपहर में धूप निकलने के आसार जताए जा रहे हैं। शाम के बाद सर्द हवाएं तेज होंगी। अधिकतम तापमान में तो बदलाव नहीं हुआ, लेकिन न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री और गिरकर 14 पर पहुंच गया। शहर में पिछले तीन दिन में न्यूनतम पारे में करीब 6 डिग्री की गिरावट आ चुकी है। ठंड बढ़ने से फुटपाथ पर सोने वाले गरीबों की परेशानी बढ़ गई है। नगर निगम की ओर से अभी तक रैन बसेरों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है। जिसके चलते लोग खुले आसमान के नीचे ठिठुरने को मजबूर हैं। ठंड बढ़ने के साथ फुटपाथ पर सोने वाले गरीब तबके की हालत खराब हो रही है।
खुले आसमान के नीचे सोने को मजबूर इन लोगों के लिए अभी तक नगर निगम की ओर से रैन बसेरों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है। बीते दिनों नगर निगम ने रैन बसेरे तैयार करने का दावा किया, लेकिन अधिकतर लोग फुटपाथ पर ठंड झेलने को मजबूर हैं। ठंड के साथ लखनऊ में वायु प्रदूषण का स्तर भी लगातार बढ़ रहा है। बुधवार सुबह शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 294 दर्ज किया गया। यह स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है। अलीगंज (317), तालकटोरा (322), और गोमती नगर (272) जैसे प्रमुख इलाकों में प्रदूषण का स्तर सबसे अधिक है। विशेषज्ञ इसे सांस और फेफड़ों की बीमारियों के लिए घातक बता रहे हैं।