लोकसभा चुनाव से पहले मायावती का बड़ा एक्शन, बसपा सांसद राम शिरोमणि वर्मा पार्टी से निष्कासित
लोकसभा चुनाव को लेकर जुटीं मायावती उम्मीदवारों के नामों के ऐलान के साथ ही पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी कर रही हैं। श्रावस्ती सीट से सांसद राम शिरोमणि वर्मा को अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के आरोप में बसपा ने शनिवार को पार्टी से निष्कासित कर दिया। बसपा की जिला इकाई के अध्यक्ष लाल चंद कोरी द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि पार्टी के सांसद राम शिरोमणि वर्मा लगातार पार्टी विरोधी गतिविधियाों में लिप्त थे और अनुशासनहीनता कर रहे थे। इसे लेकर उन्हें कई बार चेतावनी भी दी गई लेकिन उनकी कार्यशैली में कोई सुधार नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि पार्टी के हित को देखते हुए वर्मा को दल से निष्कासित कर दिया गया है।
बरेली में पूर्व जिलाध्यक्ष को पार्टी से निकाला
बरेली में बहुजन समाज पार्टी ने शुक्रवार को पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश सागर को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। वह पूर्व में मंडल प्रभारी भी रह चुके हैं। बसपा के जिला अध्यक्ष राजीव कुमार ने निष्कासन पत्र में कहा है कि राजेश सागर के पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने की शिकायत मिली थी। जांच के बाद उनको पार्टी से निष्कासित किया जा रहा है। जिला अध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि राजेश सागर पर निष्कासन की कार्रवाई अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने की वजह से की गई है। पार्टी आलाकमान को उनके बारे में लगातार शिकायत मिल रही थी कि वह दल विरोधी कार्यों में सक्रिय हैं। उनके खिलाफ मिल रही शिकायतों की कई स्तर पर गहन जांच की गई। जांच के बाद पार्टी उच्चाधिकारियों के निर्देश पर उनको निष्कासित कर दिया गया है।