चव्हाण को राज्यसभा भेजना सैनिकों का अपमान, उद्धव ठाकरे ने कही यह बात

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे अशोक चव्हाण अब भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। अटकलें लगाई जा रही हैं कि भाजपा उन्हें राज्यसभा भेज सकती है। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक तौर पर अब तक कुछ नहीं कहा गया है। अब ताजा सियासी घटनाक्रम पर शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे का कहना है कि अगर भाजपा ऐसा करती है, तो यह सैनिकों का अपमान होगा।
ठाकरे ने सोमवार को आदर्श हाउसिंग घोटाला मामला उठाते हुए अशोक चव्हाण पर निशाना और कहा कि अगर भाजपा उन्हें राज्यसभा भेजती है, तो यह शहीद सैनिकों का अपमान होगा। चव्हाण ने कांग्रेस और विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। कहा जा रहा है कि वह कांग्रेस में कुछ समय से नाराज थे।
ठाकरे ने छत्रपति संभाजीनगर शहर में रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नांदेड़ (चव्हाण के गृह जिले) गए थे और चव्हाण द्वारा किए गए भ्रष्टाचार के बारे में बात की थी। उन्होंने कहा था कि चव्हाण ने शहीद सैनिकों के परिवारों का अपमान किया था।’
उन्होंने कहा, ‘लेकिन अगर प्रधानमंत्री उन्हें (चव्हाण को) राज्यसभा भेजते हैं तो यह हमारे सैनिकों का अपमान होगा।’ ठाकरे ने कहा, ‘उन्होंने आदर्श हाउसिंग घोटाले को सैनिकों का अपमान बताया था। मैं प्रधानमंत्री से पूछता हूं कि क्या वह उस व्यक्ति (चव्हाण) को राज्यसभा भेजने जा रहे हैं जिसने शहीद सैनिकों और उनके परिवारों का अपमान किया?’
पिछले सात महीने में चार दिग्गज नेता कांग्रेस का साथ छोड़ चुके हैं। इनमें बाबा सिद्दीकी, मिलिंद देवड़ा, जगदीश शेट्टार और अरविंद नेताम शामिल हैं। इन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया था कि उन्हें पार्टी में हाशिये पर रखा गया है।