दिल्ली में जारी कोहरे का सितम, खराब मौसम होने के कारण चार विमानों को किया गया डायवर्ट

दिल्ली में कोहरे का सितम जारी है। खराब मौसम की वजह से अब दिल्ली एयरपोर्ट पर चार विमानों को गुरुवार की सुबह डायवर्ट किया गया है। अधिकारियों ने बताया है कि दो विमानों को जयपुर और अन्य दो फ्लाइट्स को हैदराबाद और मुंबई डायवर्ट किया गया है। IMD के डेटा के मुताबिक, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर अत्यधिक कोहरे की वजह से दृश्यता 50 से 100 के बीच दर्ज की गई है। ऐसी स्थिति रात 12 बजे से सुबह साढ़े बजे तक रही। एयरपोर्ट पर एक यात्री ने कहा, ‘मैं बहरीन से आया हूं और मेरी फ्लाइट दिल्ली एयरपोर्ट पर 1 घंटे लेट है। इसके अलावा कई विमानों के परिचालन में देरी हुई और कई विमानों के परिचालन को रद्द भी करना पड़ा।
भारतीय मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली, वेस्ट उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और असम में सुबह के वक्त घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने कहा है कि इसके अलावा गुरुवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे काफी घना कोहरा पंजाब, हरियाणा, वेस्ट राजस्थान और बिहार के भी कई हिस्सों में छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार, दृश्यता जब शून्य से 50 मीटर के बीच हो तो बहुत घना कोहरा, 51 से 200 मीटर के बीच घना कोहरा, 201 से 500 मीटर के बीच मध्यम और 501 से 1,000 मीटर के बीच हल्का कोहरा होता है।
राष्ट्रीय राजधानी की सुबह कोहरे में लिपटी रही। इस दौरान न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री कम है। दिल्ली वालों के लिए आने वाले दिनों में मुसीबत अभी कम नहीं होने वाली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले दो दिन में शहर के अलग-अलग स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाए रहने के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। कोहरे की मार सिर्फ विमानों पर ही नहीं ट्रेनों पर भी पड़ा है। धुंध की वजह से दिल्ली आने वाली 18 ट्रेन देरी से चल रही हैं।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 18 और 20 जनवरी को पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कई हिस्सों में रात और सुबह के वक्त घना कोहरा छाया रहेगा। आईएमडी ने कहा है कि नॉर्थवेस्ट भारत में अगले 24 घंटे में तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। हालांकि, इसके बाद अभी आगे तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा।
इन जगहों पर ठंड और कोहरे की मार
बताया गया है कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, वेस्ट राजस्थान, ईस्ट राजस्थान, वेस्ट उत्तर प्रदेश, ईस्ट उत्तर प्रदेश, वेस्ट मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और असम में काफी ठंड रही और कोहरे की वजह से विजिबिलिटी काफी कम रही।