लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चालक को झपकी आने से स्लीपर कोच पलटी, 15 मिनट तक फंसी रहीं सवारियां

लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डौकी क्षेत्र में मंगलवार सुबह लगभग पांच बजे स्लीपर कोच चालक काे झपकी आने से पलट गई। स्लीपर कोच 45 सवारियों को लेकर दिल्ली से लखनऊ जा रही थी। बस पलटने से सवारियों में चीख-पुकार मच गई।

मौके पर पहुंची पुलिस और राहगीरों ने बस में फंसी सवारियों को बाहर निकाला। दुर्घटना में घायल सात सवारियों को अस्पताल में भर्ती कराया। अन्य सवारियां भी मामूली घायल हुई हैं। हादसे के बाद चालक बस छोड़ कर भाग गया।

सुबह हुआ हादसा

दुर्घटना लगभग पांच बजे हुई। दिल्ली से लखनऊ जा रही स्लीपर कोच में बैठी अधिकांश सवारियां सो रही थीं। चालक को भी झपकी आ गई। इससे स्टेयरिंग से उसका नियंत्रण हट गया। बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। सवारियां एक दूसरे  पर गिरने से उनमें चीख-पुकार मच गई। यूपीडा के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंच गई।  

15 मिनट में निकाली सवारियां

पुलिस ने सवारियों को 15 मिनट प्रयास के बाद बाहर निकाला। इनमें सात सवारियां घायल हो गई थीं। उन्हें यूपीडा की एंबुलेंस ने अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार घायल सभी सवारियाें को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सवारियों ने पुलिस को बताया कि हादसा चालक को झपकी आने के कारण हुआ। बस पलटने के बाद चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने का इंतजाम किया। 

Back to top button