बिहार के अस्पताल में नवजात बच्चा चोरी करने के आरोप में युवक की जमकर पिटाई

सदर अस्पताल आरा के प्रसूति वार्ड से गुरुवार की रात एक नवजात बच्चा चोरी करने का प्रयास किए जाने और अस्पताल प्रशासन द्वारा लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर स्वजनों ने जमकर हंगामा किया। हंगामे के दौरान प्रसूता महिला के स्वजन अस्पताल प्रशासन एवं वार्ड में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों पर मिलीभगत का आरोप लगा रहे थे।
हंगामे को लेकर प्रसूति वार्ड में काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। हंगामे की सूचना पाकर टाउन थाना के दरोगा सर्वेश कुमार पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल के प्रसूति वार्ड पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने सृवजनों को किसी तरह से शांत किया।
भोजपुर सिविल सर्जन सुरेश प्रसाद सिंह और अस्पताल उपाधीक्षक डॉक्टर अरुण कुमार एवं डीपीएम भी प्रसूति वार्ड पहुंचे और प्रसूता महिला के स्वजनों से मिलकर घटना की पूरी जानकारी ली। इसके बाद समझा-बूझाकर उन्हें शांत कराया। प्रसूता महिला शाहपुर थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव निवासी रमेश यादव की 30 वर्षीय पत्नी रूबी देवी है।
रो रहे बच्चे को चुप कराने के बहाने…
महिला रूबी देवी ने बताया 10 अक्टूबर मंगलवार को ऑपरेशन कर उन्हें लड़का पैदा हुआ था। गुरुवार की देर रात वह प्रसूति वार्ड में बेड पर थी और उनका बच्चा बगल के बेड पर रो रहा था। इस दौरान एक अनजान युवक वहां पर आया और बोलने लगा कि आपका बच्चा है, तो उन्होंने कहा की हां उनका है।
इसके बाद उसने कहा कि बच्चे को थोड़ा उठाकर दे दीजिए। तभी उसने बच्चे को गोद में उठाया और बोलने लगा कि बच्चे को चुप करा देता हूं। इस बीच चुप कराने के बहाने वह बच्चे को लेकर भागने लगा।
बच्चा लेकर भाग रहा संदिग्ध पकड़ा गया, पिटाई
ऑपरेशन होने के कारण वह उठ नहीं पा रही थी तो गमछे से नीचे सो रहे अपने पति को मार उसे जगाया। जिसके बाद वह शोर मचाते उसके पीछे भागने लगे। इस दौरान वार्ड में मौजूद सुरक्षाकर्मी एवं अन्य लोगों ने दौड़कर उसे दबोच लिया और उसकी गोद से बच्चे को छीनकर उन्हें दे दिया गया। इसके बाद सुरक्षाकर्मी एवं अन्य लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की।
दूसरी तरफ, उक्त महिला के पति रमेश यादव ने बताया कि मंगलवार को 15 साल बाद ऑपरेशन कर उसकी पत्नी रूबी देवी को लड़का पैदा हुआ था और वह प्रसूति वार्ड में भर्ती थी। गुरुवार की रात जब वह जमीन पर सोए हुए थे तो उसी समय अनजान युवक भी वहां मौजूद था। बच्चे को चुप करने के बहाने गोद में उठाकर भागने लगा। जिसके बाद उसे पकड़ा और उसकी पिटाई की गई।
इस दौरान वार्ड में मौजूद एक स्वास्थ्य कर्मचारी ने कहा कि उपरोक्त आदमी उसका करीबी है, छोड़ दीजिए। जिसके कारण उक्त महिला के पति रमेश यादव ने वार्ड में मौजूद स्वास्थ्य कर्मी की मिलीभगत के कारण बच्चा चोरी करवाने का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया है।
सिविल सर्जन बोले- जांच होगी
इस मामले में सिविल सर्जन सुरेश प्रसाद सिंह ने बताया कि परिजन द्वारा प्रसूति वार्ड में मौजूद एक स्वास्थ्य कर्मी पर आरोप लगाया जा रहा है। डीपीएम के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच की जा रही है। जांच के उपरांत जो भी दोषी होंगे उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।