लोकसभा चुनाव से पहले I.N.D.I.A गठबंधन में फंसा पेंच, कांग्रेस ने बिहार में इतनी सीटों पर किया दावा

विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A में लोकसभा चुनाव से पहले ही सीटों के बंटवारे को लेकर पेंच फंसता नजर आ रहा है। बिहार कांग्रेस की ओर से शुक्रवार को बताया गया है कि वह राज्‍य में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

बिहार कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में बिहार कांग्रेस पिछले चुनाव जितनी सीटों पर लड़ी थी, साल 2024 में होने वाले चुनाव में भी कम से कम उतनी सीटों पर तो लड़ेगी ही।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव में सीट के बंटवारे को लेकर मुंबई में विपक्षी समूह ने एक कमेटी गठित की है। कांग्रेस इस कमेटी के सामने अपनी मांग रखेगी। डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह शुक्रवार को कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में मीडिया से बात कर रहे थे, तभी उन्होंने यह जानकारी दी।

मोदी सरकार में बढ़ी महंगाई

इस दौरान कांग्रेसी नेता अखिलेश ने महंगाई को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में जब से मोदी सरकार आई है, महंगाई बेतहाशा बढ़ी है और गरीब आदमी इसमें बुरी तरह पिस रहा है।

उन्होंने पेट्रोल और डीजल के दामों में कमी को चुनावी प्रलोभन बताया। उन्होंने कहा कि सिलेंडर की कीमतों में 800 रुपये की वृद्धि कर 200 रुपये घटाना यह जनता समझ रही है। उन्होंने कहा कि जनता ने अपना मन बना लिया है और 2024 के चुनाव में अपना फैसला सुना देगी।

Back to top button