नोएडा में युवक ने अपने दोस्त के सर पर वार कर उतारा मौत के घाट…

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के नोएडा में भंगेल फेस 2 में एक युवक ने अपने ही दोस्त का क़त्ल कर दिया. मामला दोस्त के द्वारा बेइज्जती करने का था, जिसको लेकर झगड़ा हुआ. इसके बाद रोहित ने चारपाई के एक पाए से शिवम के सिर पर वार करके उसकी हत्या कर दी. मामले में पुलिस ने आरोपी रोहित को अरेस्ट कर लिया है.  शुरूआती जानकारी के मुताबिक, रोहित और शिवम दोनों अच्छे मित्र थे. दोनों काफी समय से भंगेल गांव में साथ रह रहे थे. शिवम मध्य प्रदेश के सतना जिले का निवासी था. कुछ समय पहले ही उसकी शादी हुई थी, जिसके बाद से वह अपनी पत्नी के साथ भंगेल में रहने लगा था. 

वह रविवार रात को रोहित से मिलने के लिए आया था. इस दौरान शिवम ने रोहित के ऊपर पैसे चोरी के इल्जाम लगाया. रोहित को यह बात बहुत बुरी लग गई. उसने कहा कि इसके कारण उसको अपने दोस्तों के बीच बेइज्जत महसूस करना पड़ा है. जिसके बाद उसने गुस्से में वहां रखे चारपाई के पाए से शिवम के सिर पर वार कर दिया. गहरी चोट लगने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई. 

सेंट्रल नोएडा के DCP राम बदन सिंह ने बताया है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि भंगेल में एक लेबर की हत्या हुई है. इसके बाद मौके पर पहुंच कर पुलिस ने शिवम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जांच के दौरान पता चला कि शिवम की हत्या उसके ही दोस्त ने ही की है. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को अरेस्ट कर लिया है. उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. 

Back to top button