भदोही में महिला से दरिंदगी, मानसिक रूप से बीमार महिला से किया दुष्कर्म

भदोही में एक महिला के साथ दिल दहलाने वाली घटना हुई है। यहां आधा दर्जन युवकों ने महिला के साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया है। महिला की मानसिक स्थित भी ठीक नहीं थी। इसके बाद भी युवकों को तरस नहीं आया। गैंगरेप से महिला की हालत गंभीर हो गई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

मामला चौरी थाना क्षेत्र के लक्षापुर बाजार का है। सोमवार की सुबह दर्द से कराह रही पीड़िता पर लोगों की नजर पड़ने के बाद वारदात की जानकारी हुई। बाजार के लोगों ने बताया कि 35 वर्षीय महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त है। इधर कई दिनों से बाजार व आसपास घूम रही थी। लोग उसे खाने पीने के लिए सामान दे दिया करते थे। 

रविवार की देर शाम वह बाजार में सड़क किनारे सोई थी। इसी बीच देर रात शराब के नशे में धुत आधा दर्जन युवकों ने उसे उठा लिया और सुनसान स्थान पर ले जाकर बारी-बारी से उसके साथ रेप किया। दरिंदगी के कारण महिला की हालत बिगड़ गई। उसे कराहता हुआ छोड़कर सभी फरार हो गए।

सोमवार की सुबह महिला पर आसपास के लोगों की नजर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। प्रभारी निरीक्षक चौरी ने बताया कि पीड़िता का उपचार चल रहा है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की खोजबीन की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। दावा किया कि जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker