दिग्विजय सिंह का बड़ा आरोप- बिना सूचना कांग्रेस कार्यालय में घुसी पुलिस

दिग्विजय सिंह का बड़ा आरोप।

मध्यप्रदेश में भी हाई वोल्टेज पॉलिटिकल ड्रामा लगातार जारी है। पिछले कई दिनों से मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह काफी सुर्खियों में हैं। आज एक बार फिर से दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश पुलिस पर बड़ा आरोप लगा दिया है। दिग्विजय सिंह ने दावा किया है कि मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में बिना किसी पूर्व सूचना के पुलिस घुस गई है। इसको लेकर उन्होंने एक वीडियो भी साझा किया है। दिग्विजय सिंह ने यह भी कहा है कि कांग्रेसी मीडिया उपाध्यक्ष संगीता शर्मा आज आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भेंट करने जा रही थीं। लेकिन तिरंगा भेंट करने से पहले ही संगीता शर्मा के कक्ष में पुलिस पहुंच गई है।

ये भी पढ़ें – पंजाब के CM भगवंत मान चंडीगढ़ जिला अदालत में पेश हुए

दिग्विजय सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि मीडिया अध्यक्ष केके मिश्रा के कमरे में भी पुलिस तैनात हैं। इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर भी पुलिस की तैनाती कर दी गई है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में तिरंगा भेंट करना भी गुनाह है। आपको बता दें कि पिछले दिनों दिग्विजय सिंह और मध्यप्रदेश के भाजपा नेताओं के बीच जबरदस्त तरीके से वार पलटवार हुआ था। मध्य प्रदेश के भाजपा नेताओं ने दिग्विजय सिंह पर पुलिस के साथ बदसलूकी करने का आरोप लगाया था। मध्यप्रदेश के भाजपा नेताओं की ओर से एक फोटो भी जारी किया गया था जिसमें दिग्विजय सिंह पुलिस का कॉलर पकड़ते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद से मध्य प्रदेश से भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित तमाम बड़े नेताओं ने दिग्विजय सिंह की इस हरकत की निंदा की थी।

दिग्विजय सिंह इन दिनों कांग्रेस द्वारा किए जा रहे विभिन्न मुद्दों को लेकर हो रहे प्रदर्शन में भी खूब सक्रिय रह रहे हैं। कल कांग्रेस के प्रदर्शन पर अमित शाह ने बड़ा हमला किया था। इसी को लेकर पलटवार में दिग्विजय सिंह ने भी एक ट्वीट किया था। अपने ट्वीट में दिग्विजय ने लिखा कि महँगाई के खिलाफ कांग्रेस के सत्याग्रह से बौखलाए भाजपा नेता काले रंग को कोस रहे हैं जबकि काला रंग न्याय के देवता यानि न्यायाधीश शनि देव का रंग है और हमारी पूरी लड़ाई मोदी सरकार द्वारा अन्याय पूर्ण तरीके से लादी गई जन विरोधी नीतियों के खिलाफ है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker