कंपनी की मिस्टेक से कर्मचारी हुआ मालामाल,मिली ज्यादा सैलरी

दिल्लीः एक कंपनी ने अपने एक कर्मचारी के खाते में गलती से 286 महीने की सैलरी एक बार में ही भेज दी। मजेदार ये है कि कर्मचारी ने पहले तो कंपनी को वादा किया कि वह पैसे लौटा देगा, लेकिन बाद में वह गायब हो गया। दरअसल मई महीने में कंपनी ने गलती से एक कर्मचारी को 5 लाख पेसो (करीब 43 हजार रुपए) की सैलरी की जगह पर 16.54 करोड़ पेसो (करीब 1.42 करोड़ रुपए) की सैलरी भेज दी। जब कंपनी के मैनेजमेंट ने रिकॉर्ड चेक किया, तब इस गलती का पता चला।
खबरों के मुताबिक, यह घटना कंसोर्सियो इंडस्ट्रियल डे अलीमेंटोस (CIAL) कंपनी की है। इसे चिली की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक गिना जाता है।
गलती पता चलने के बाद कंपनी के मैनेजमेंट ने उस कर्मचारी से बात की। कंपनी ने बताया कि गलती से उसे एक ही बार में 286 महीने की सैलरी भेज दी गई है। इसके बाद उस कर्मचारी ने बैंक जाकर एक्स्ट्रा पैसे लौटाने की बात की। हालांकि, ऐसा हुआ नहीं। कंपनी इंतजार करते रह गई और उसे पैसे के बजाय कर्मचारी का इस्तीफा मिल गया।
पहले कर्मचारी गायब हुआ और कंपनी उससे संपर्क करने का प्रयास करती रही। कुछ दिनों बाद जब बात हुई तो उसने दोबारा बैंक जाकर पैसे लौटाने की बात की। इसके बाद उसने 02 जून को कंपनी को अपना इस्तीफा भेज दिया।
ताजी खबरों के अनुसार, अब कंपनी ने इस मामले में कानूनी कदम उठाने का फैसला किया है। पैसे वापस आने का इंतजार करते-करते कंपनी मजबूर हो गई। हालिया खबरों के मुताबिक, वह कर्मचारी गायब हो चुका है। कंपनी अपने पैसे वापस पाने के लिए सरकारी अधिकारियों से संपर्क कर चुकी है। कंपनी ने उस कर्मचारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का रास्ता अपना लिया है





