शूटर जाधव और सूर्यवंशी को किया गया गिरफ्तार,महाराष्ट्र पुलिस खंगाल रही सुबूत

दिल्लीः

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में महाराष्ट्र के पुणे का शार्प शूटर संतोष जाधव गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे गुजरात के कच्छ से साथी नवनाथ सूर्यवंशी के साथ पकड़ा गया। पुणे पुलिस की टीम को यह कामयाबी मिली। दोनों को 20 जून तक रिमांड पर लिया गया है।

संतोष जाधव कुख्यात गैंगस्टर अरुण गवली गैंग का गुर्गा है। संतोष जाधव और नवनाथ सूर्यवंशी को दिल्ली पुलिस ने मूसेवाला की किलिंग में शामिल बताया था। जिसके बाद दोनों की तलाश की जा रही थी। फिलहाल उसे 2021 में दर्ज पुणे के एक मर्डर केस में पकड़ा गया है।

महाराष्ट्र के ADGP लॉ एंड ऑर्डर कुलवंत कुमार सारंगल ने कहा कि गैंगस्टर लॉरेंस गैंग से इन दोनों के लिंक के बारे में जांच की जा रही है। इनका मर्डर से लिंक है या नहीं, इसकी भी हम जांच करेंगे।

संतोष जाधव और नवनाथ सूर्यवंशी से पूछताछ के लिए पंजाब पुलिस की टीम पुणे रवाना हो रही है। पंजाब पुलिस की एक टीम पहले ही वहां सौरव महाकाल से पूछताछ के लिए पहुंची हुई है।

महाराष्ट्र के ADGP लॉ एंड ऑर्डर कुलवंत कुमार सारंगल ने बताया कि कुछ दिन पहले मीडिया में इन्फॉर्मेशन आई थी। जिसमें कहा गया कि मूसेवाला की हत्या में महाराष्ट्र के कुछ लोग इन्वॉल्व हैं। उसके आधार पर हमने संतोष जाधव और सौरव महाकाल के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की। इसमें पता चला कि संतोष जाधव मकोका के केस में फरार है। हम उसकी पहले से तलाश कर रहे थे।

पुणे पुलिस ने पहले पुणे से शार्प शूटर सिद्धेष हीरामन कांबले उर्फ सौरव महाकाल को पकड़ा था। उसे भी मूसेवाला की हत्या में शामिल बताया गया। हालांकि, उससे पूछताछ के बाद दिल्ली पुलिस ने कहा कि वह हत्या में शामिल नहीं है। उसने शूटर जरूर उपलब्ध कराए।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker