चीन को पछाड़ कर अमेरिका बना भारत का सबसे बड़ा ट्रेडिंग पार्टनर

दिल्ली: अमेरिका 2021-22 में भारत का सबसे बड़ा ट्रेडिंग पार्टनर बन गया है। पहले चीन सबसे बड़ा ट्रेडिंग पार्टनर था। ये दोनों देशों के बीच मजबूत आर्थिक संबंधों को दर्शाता है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना ​​है कि आने वाले वर्षों में भी अमेरिका के साथ बाइलेटरल ट्रेड बढ़ने का सिलसिला जारी रहेगा क्योंकि भारत और अमेरिका अपने आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने में लगे हैं।

अमेरिका-भारत का ट्रेड 119.42 अरब डॉलर
कॉमर्स मिनिस्ट्री के आंकड़ों के मुताबिक 2021-22 में अमेरिका और भारत के बीच बाइलेटरल ट्रेड 119.42 अरब डॉलर रहा। 2020-21 में यह 80.51 अरब डॉलर था। अमेरिका को निर्यात 2021-22 में बढ़कर 76.11 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष में 51.62 अरब डॉलर था। 2020-21 में लगभग 29 अरब डॉलर की तुलना में आयात बढ़कर 43.31 अरब डॉलर हो गया।

चीन -भारत का ट्रेड 115.42 अरब डॉलर
आंकड़ों से पता चलता है कि 2021-22 के दौरान, चीन के साथ भारत का बाइलेटरल ट्रेड 115.42 अरब डॉलर हो गया जो 2020-21 में 86.4 अरब डॉलर था। चीन को 2020-21 में 21.18 अरब डॉलर का निर्यात किया। पिछले वित्त वर्ष में ये 21.25 अरब डॉलर था। वहीं 2021-22 में आयात लगभग 65.21 अरब डॉलर से बढ़कर 94.16 अरब डॉलर हो गया। 2021-22 में ट्रेड गैप बढ़कर 72.91 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष में 44 अरब डॉलर था।

भारत एक ट्रस्टेड ट्रेडिंग पार्टनर
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट आर्गनाइजेशन के वाइस प्रेसिडेंट खालिद खान ने कहा ‘भारत एक ट्रस्टेड ट्रेडिंग पार्टनर के रूप में उभर रहा है और ग्लोबल कंपनियां अपनी सप्लाई के लिए चीन पर निर्भरता कम कर रही हैं और भारत जैसे अन्य देशों में कारोबार का विस्तार कर रही हैं।

आने वाले सालों में, भारत और अमेरिका के बीच बाइलेटरल ट्रेड बढ़ता रहेगा। भारत एक इंडो-पैसिफिक इकोनॉमिक फ्रेमवर्क (IPF) स्थापित करने के लिए अमेरिका के नेतृत्व वाली पहल में शामिल हो गया है और इस कदम से आर्थिक संबंधों को बढ़ाने में मदद मिलेगी।’

अमेरिका के साथ भारत का ट्रेड सरप्लस
अमेरिका उन कुछ देशों में से एक है जिनके साथ भारत का ट्रेड सरप्लस है। 2021-22 में, भारत का अमेरिका के साथ 32.8 अरब डॉलर का ट्रेड सरप्लस था। आंकड़ों से पता चलता है कि 2013-14 से 2017-18 तक और 2020-21 में भी भारत का टॉप ट्रेड पार्टनर चीन था।

चीन से पहले यूएई देश का सबसे बड़ा ट्रेड पार्टनर था। 2021-22 में 72.9 अरब डॉलर के साथ संयुक्त अरब अमीरात भारत का तीसरा सबसे बड़ा ट्रेड पार्टनर था। इसके बाद सऊदी अरब (42,85 अरब डॉलर), इराक (34.33 अरब डॉलर) और सिंगापुर (30 अरब डॉलर) का स्थान है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker