रूस – यूक्रेन युद्ध : अब तक रूस के 17700 सैनिकों की मौत, 143 प्लेन और 625 टैंक तबाह

दिल्ली: रूस और यूक्रेन के बीच जंग 37वें दिन भी जारी है। रूसी हमलों के जवाब में अब यूक्रेन की आर्मी ने रूस के शहर पर हमला किया है। न्यूज एजेंसी AFP के मुताबिक, रूस के पश्चिमी शहर बेलगोरोद गवर्नर का कहना है कि शुक्रवार को यूक्रेन के 2 हेलिकॉप्टरों ने उनके यहां ऑयल डिपो पर एयरस्ट्राइक की। इस हमले में दो लोग घायल हो गए।

दूसरी तरफ यूक्रेन का दावा है कि अब तक रूस के 17,700 सैनिक मारे जा चुके हैं, और 143 फाइटर प्लेन और 625 टैंक भी तबाह हो चुके हैं। मारियुपोल की सिटी काउंसिल का कहना है कि अब तक शहर में फंसे लगभग 2000 नागरिक यहां से निकल चुके हैं। इस में जंग में दोनों देश की सेना के साथ आम लोगों को भी जान-माल का भारी नुकसान हो रहा है। यूक्रेन के प्रॉसिक्यूटर जनरल ऑफिस के मुताबिक, रूसी हमले में अब तक 153 बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि 245 से ज्यादा बच्चे घायल हुए हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने यूक्रेन पर हमले के मद्देनजर फ्यूल की बढ़ती कीमतों को कम करने के लिए अगले छह महीनों तक रोज 10 लाख बैरल तेल जारी करने की घोषणा की है। व्हाइट हाउस ने कहा कि यूक्रेन में सैन्य आक्रमण के कारण रूस पर अमेरिका समेत कई देशों के आर्थिक प्रतिबंधों से कच्चे तेल की कीमतें बढ़ी हैं।

Back to top button