वसुंधरा राजे- सतीश पूनिया कैंप में फिर बढ़ी तकरार

दिल्लीः राजस्थान में प्रदेश भाजपा की चल रही सियासी गुटबाजी के बीच पूर्व सीएम वसुंधरा राजे का जन्मदिन 8 मार्च को है। पूर्व सीएम वसुंधरा गुट इसे बड़े शक्ति प्रदर्शन की तैयारी का रूप दे रहा है। जन्मदिन के बहाने वसुंधरा राजे अपने विरोधियों को सियासी ताकत का अहसास कराएगी। माना जा रहा है कि वसुंधरा के शक्ति प्रदर्शन से पूनिया कैंप निशाने पर रहेगा। वसुंधरा राजे समर्थक विधायकों एवं पूर्व विधायकों ने 8 मार्च को शक्ति प्रदर्शन की पूरी तैयारी कर ली है। सूत्रों के अनुसार वसुंधरा राजे बूंदी जिले के केशोरायपाटन में अपना जन्मदिन मनाएगीं। जहां पर भगवान केशवराय के दर्शन वसुंधरा राज्य सिंधिया करेंगी। वसुंधरा राजे का हाड़ौती का दौरा चुनावी दौरा माना जा रहा। वसुंधरा राजे कैंप के विधायकों का कहना है कि इसे चुनावी शंखनाद के तौर पर देखा जाना चाहिए। क्योंकि मिशन 2023 के लिए अब मात्र डेढ़ साल बचे है। 

उल्लेखनीय है कि इससे पहले पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सिंधिया ने देवदर्शन यात्रा के बहाने शक्ति प्रदर्शन किया था। पिछले साल पूर्व सीएम वसुंधरा राजे का शक्ति प्रदर्शन कई मायनों में चर्चा का विषय रहा। वसुंधरा राजे ने देवदर्शन यात्रा के बहाने विरोधियों को साफ संदेश दिया कि वे न तो नई पार्टी बनाएगी और न ही खामोश रहेगी। भाजपा प्रदेश इकाई ने वसुंधरा राजे के देवदर्शन यात्रा से दूरी बना ली थी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि था कि वसुंधरा की देवदर्शन यात्रा से संगठन का कोई लेना देना नहीं है। कोई भी यात्रा निकालने के लिए स्वतंत्र है। वसुंधरा राजे समर्थक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी और पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने कहा कि हाड़ौती से बदलाव की शुरुआत होगी। कांग्रेस से समाज का हर वर्ग त्रस्त है।

पूर्व सीएम राजे से जन्मदिवस पर होने वाले समारोह में सांगानेर विधायक अशोक लाहोटी, पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व मंत्री राजपाल सिंह शेखावत, पूर्व विधायक कैलाश वर्मा, मोहनलाल गुप्ता,  सुरेंद्र पारीक, प्रहलाद गुंजल समेत भाजपा महिला मोर्चा औ युवा मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। समारोह में भाजपा के वे नेता भी शामिल होंगे जिन्हे पार्टी संगठन में तवज्जों नहीं दी जा रही है।

गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी कोटा पहुंचे, जहां पर उन्होंने बूंदी रोड स्थित निजी रिजॉर्ट में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक ली थी। इस बैठक में पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल, विद्याशंकर नंदवाना, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रहलाद पंवार, पूर्व यूआईटी चेयरमैन राम कुमार मेहता, भाजपा नेता रुपेश शर्मा मौजूद थे। 

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker