नगर निगम ने शुरू की छठ की तैयारी

छठ महापर्व की तैयारी नगर निगम ने शुरू कर दी है। निगम क्षेत्र में सभी 93 घाटों को छह नवंबर तक तैयार करने का लक्ष्य दिया गया है।

वहीं सात नवंबर से छठ व्रतियों के लिए साफ-सुथरा छठ घाट उपलब्ध करा दिया जाएगा। घाटों की सफाई तीन चरण में पूरी करनी है। साथ ही प्रत्येक घाट के एक किलोमीटर के क्षेत्र को नो टॉलरेंस एरिया घोषित किया जाएगा।

पहले चरण की सफाई चार नवंबर तक पूरी करने के बाद पांच नवंबर से हर घाट के एक किलोमीटर का दायरा नो टॉलरेंस एरिया घोषित कर दिया जाएगा।

नो टॉलरेंस एरिया का मतलब यह है कि चार नवंबर तक नगर निगम पहले चरण में सभी घाटों की सफाई करने के बाद प्रत्येक घाट और उसके एक किलोमीटर के दायरे को साफ और स्वच्छ रखेगा। 

नो टॉलरेंस एरिया में आस-पास के लोग जहां-तहां कूड़ा-कचरा नहीं फेकेंगे। गंगा नदी समेत एक किलोमीटर के दायरे में गंदगी फैलाने वाले लोगों को चिह्नित किया जाएगा।

ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी और जुर्माना भी लगाया जाएगा। इसके लिए संबंधित अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी और कार्यपालक अभियंता को जिम्मेवारी दी गई है।

पहले चरण की सफाई पूरी करने के बाद दोनों पदाधिकारी इसे नो टॉलरेंस एरिया घोषित करेंगे।  छठ पर्व में अब बहुत ही कम समय बचा है। महज 18 दिनों में पांच अंचलों के 93 घाटों को तैयार करना है।

वहीं इसमें से सुरक्षित और खतरनाक घाटों को चिन्हित भी करना है। ऐसे में नगर निगम ने अपने स्तर से छठ महापर्व को लेकर घाटों को तैयार करने का कार्य शुरू कर दिया है। इसके लिए निगम ने आदेश भी जारी कर दिया है।

सभी घाटों, तालाबों और पार्कों को तीन चरणों में तैयार करने की योजना बनायी गई है। पहले चरण में सभी घाट एवं पहुंच पथ की साफ-सफाई युद्ध स्तर पर की जाएगी। घाटों के प्रथम चरण की सफाई का कार्य चार नवंबर तक पूरा किया जाएगा। 

Back to top button