गैंगरेप मामले की पीड़िता को दो बार मिल चुकी है धमकी
राजधानी पटना के गर्दनीबाग थाने में पदस्थापित महिला दारोगा अर्चना सिन्हा गुरुवार को सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं। गोरिया मठ के पास गलत दिशा से आए बाइक सवार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल होने के साथ ही उनके दाहिने हाथ की एक उंगली कट कर अलग हो गई। स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार भाग निकला।
वहीं अभी तक पुलिस महिला एंकर के साथ दरिंदगी करने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
घायल महिला दारोगा गांधी मैदान थाना क्षेत्र के पनाश होटल में कोलकाता की महिला एंकर के साथ हुए गैंग रेप मामले की अनुसंधानकर्ता हैं, जबकि उनका स्थानांतरण गांधी मैदान से गर्दनीबाग हो चुका है।
गैंग रेप मामले की जांच व आरोपितों की गिरफ्तारी अविलंब हो सके, इसके लिए उन्हें मामले की जांच का चार्ज गर्दनीबाग से गांधी मैदान थाने में स्थानांतरित महिला दारोगा कुंती देवी को देना है।
इसकी प्रक्रिया में वह जुटी थीं। इसी बीच महिला दारोगा कुंती देवी अपने पारिवारिक कारणों के चलते छुट्टी पर चलीं गईं।
महिला दारोगा अर्चना सिन्हा ने बताया कि चार्ज देने से पहले गुरुवार को वह सड़क हादसे की शिकार हो गईं। स्वस्थ होने व गांधी मैदान की महिला दारोगा कुंती देवी के आने पर गैंग रेप मामले की जांच का चार्ज उन्हें दे दिया जाएगा।
वहीं गैंग रेप की शिकार महिला एंकर ने बातचीत में बताया कि अभी तक गैंग रेप के मामले में फरार चल रहे दोनों आरोपित गिरफ्तार नहीं किए जा सके हैं।
उनके द्वारा दो बार धमकी दी जा चुकी है, जिसके चलते अनहोनी होने का डर सता रहा है।