अब्बा जान पर योगी को सहयोगियों ने भी घेरा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘अब्बा जान वाली विवादास्पद टिप्पणी पर अब भाजपा की सहयोगी जनता दल (यूनाइटेड) ने भी घेरा है।

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने मंगलवार को योगी आदित्यनाथ को नसीहत देते हुए कहा कि राजनीतिक दलों को संयमित भाषा में बात करनी चाहिए।

साथ ही उन्होंने इस बात पर बल दिया कि यह देश सभी का है वह चाहे हिंदू हो या मुसलमान या सिख या ईसाई।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले ललन सिंह ने यह बात राजधानी के जंतर-मंतर स्थित जनता दल (यूनाइटेड) कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कही। 

उन्होंने कहा कि कोई भी राजनीतिक दल हो, उसे संयमित भाषा में बात करनी चाहिए। यह देश सबका है। यह देश हिंदू, मुस्लिम, सिख ईसाई सभी भाइयों का है।

इसीलिए इस देश में अनेकता में एकता की बात कही जाती है। ऐसी कोई बात नहीं होनी चाहिए, जिससे देश की एकता को नुकसान हो।

योगी आदित्यनाथ ने रविवार को उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ‘अब्बा जान वाली टिप्पणी की थी। उनका इशारा मुलायम सिंह यादव की ओर था।

समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार का परोक्ष रूप से उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा था कि अब्बा जान कहने वाले गरीबों की नौकरी पर डाका डालते थे।

पूरा परिवार झोला लेकर वसूली के लिए निकल पड़ता था। अब्बा जान कहने वाले राशन हजम कर जाते थे। राशन नेपाल और बांग्लादेश पहुंच जाता था। आज जो गरीबों का राशन निगलेगा, वह जेल चला जाएगा।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker