सदानंद सिंह का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सदानंद सिंह का गुरुवार को कहलगांव श्मशान घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हुआ।

इससे पहले सिंह के शव को उनके आवास से कांग्रेस कार्यालय ले जाया गया। वहां अंतिम दर्शन करने के लिए लोगों की काफी भीड़ जमा थी। शवयात्रा में भी हजारों लोग शामिल हुए।

इस दौरान ‘सदानंद सिंह अमर रहे’ का नारा गूंजता रहा। अंतिम संस्कार के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, कांग्रेस के बिहार प्रभारी वीरेंद्र सिंह राठौर, कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजीत शर्मा के अलावा कई विधायक, स्थानीय नेता और प्रशासनिक पदाधिकारी आदि मौजूद थे। मुखाग्नि पुत्र शुभानंद मुकेश ने दी।

गुरुवार की सुबह से ही आवास पर अंतिम दर्शन करने के लिए लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। 

सदानंद सिंह का लंबी बीमारी के बाद बुधवार को पटना के अस्पाताल में निधन हो गया था। सदानंद कहलगांव विधानसभा क्षेत्र से नौ बार विधायक चुने गए थे। 1991 में भागलपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े थे।

हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली। सिंह बिहार सरकार में कई विभागों के मंत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker