बकरी का शिकार कर भागा तेंदुआ पेड़ पर चढ़ा

पीपरी (देवास)। पोटला के समीप कवड़ियापुरा मोहल्ले में सुबह एक तेंदुए के आने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। तेंदुए ने बकरी का शिकार किया और ग्रामीणों के शोर मचाने व पीछा करने से वह करीब 40 फुट ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया।

बाद में वन विभाग के दल ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को आसपास से हटाया। काफी देर पेड़ पर रहने के बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब पांच बजे चौकीदार प्रेमसिंह के यहां मवेशियों के बांधने वाले स्थान पर तेंदुए ने एक बकरी का शिकार किया। वह बकरी को मुंह में दबाकर जंगल की ओर भाग रहा था।

इस बीच कुत्तों के भौंकने पर ग्रामीणों ने घर के बाहर निकलकर देखा तो तेंदुआ बकरी को ले जा रहा था। ग्रामीण भी शोर मचाकर उसका पीछा करने लगे। इससे तेंदुए ने बकरी को वहीं छोड़ दिया और गांव के बाहर जाकर पेड़ पर चढ़ गया।

तेंदुए को पेड़ पर चढ़ा होता देख बड़ी संख्या में ग्रामीण आसपास जमा हो गए। चौकीदार प्रेमसिंह ने इसकी सूचना वन विभाग को दी।

सूचना पर रेंजर वंदना ठाकुर वनकर्मियों के साथ मौके पर पहुंची। उस समय तेंदुआ पेड़ पर ही था। वन अमले ने ग्रामीणों को हटाया और तेंदुए को पेड़ से उतारने के लिए प्रयास शुरू किए।

करीब 11.30 बजे तेंदुआ पेड़ से उतरा और जंगल की ओर भाग गया। उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र में आसपास घना जंगल है और अक्सर वन्य प्राणी भोजन की तलाश में गांव में आ जाते हैं।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker