लश्कर गाह पर तालिबान ने किया कब्जा

अफगानिस्तान में तालिबान का पलड़ा अब भारी होता जा रहा है। गजनी, हेरात और कंधार के बाद अब तालिबान ने लश्कर गाह पर भी अपना कब्जा जमा लिया है।

समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, तालिबान ने शुक्रवार को अफगानिस्तान के प्रमुख दक्षिणी शहर लश्कर गाह पर कब्जा कर लिया है।

यह बीते 24 घंटे में अफगानिस्तान का चौथा शहर है, जहां तालिबान राज शुरू हो गया है। लश्कर गाह से ठीक पहले गुरुवार की देर रात तालिबान ने अफगानिस्तान के दूसरे सबसे बड़े शहर कंधार पर कब्जा किया।

इस तरह से कंधार के बाद लश्कर गाह अफगानिस्तान की 34 प्रांतीय राजधानियों में से 13वीं राजधानी है, जिस पर आतंकी संगठन का कब्जा हो गया है। 

अफगान सुरक्षा बलों के एक वरिष्ठ सूत्र ने विद्रोहियों के दावे की पुष्टि करते हुए शुक्रवार को समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि तालिबान ने प्रमुख शहर लश्कर गाह पर कब्जा कर लिया है।

कंधार और लश्कर गाह पर तालिबान के कब्जा कर लेने के बाद अब अगानिस्तान सरकार की परेशानियां और बढ़ गई हैं। अब अफगानिस्तान सरकार के हाथ में सिर्फ राजधानी काबुल और देश के कुछ और हिस्से रह गए हैं। 

इससे पहले कंधार को लेकर अधिकारियों ने बताया कि कंधार पर तालिबान ने गुरुवार रात को कब्जा कर लिया और सरकारी अधिकारी और उनके परिजन हवाई मार्ग से भागने के लिए किसी तरह हवाई अड्डे पहुंच गए।

इससे पहले दिन में बृहस्पतिवार को तालिबान ने अफगानिस्तान के तीसरे सबसे बड़े शहर हेरात पर कब्जा कर लिया था। तालिबान के लड़ाके ऐतिहासिक शहर में ग्रेट मस्जिद से आगे बढ़ गए और सरकारी इमारतों पर कब्जा कर लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक सरकारी इमारत से रूक-रूक कर गोलीबारी की आवाज आ रही थी जबकि बाकी के शहर में शांति थी और वहां पर तालिबान का कब्जा हो चुका था।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker