दरभंगा ब्‍लास्‍ट के आरोपी भाइयों की NIA कोर्ट में पेशी

दरभंगा पार्सल बम ब्‍लास्‍ट मामले में हैदराबाद से गिरफ्तार आरोपी भाइयों को एनआईए कोर्ट में पेश कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक एनआईए ने कोर्ट से दोनों की चार दिन की रिमांड मांगी है।

एनआईए इस अवधि में दोनों भाइयों की दरभंगा ब्‍लास्‍ट में भूमिका और शामली से पकड़े गए सलीम के साथ उनके नेटवर्क के बारे में और गहनता से पड़ताल करेगी। एनआईए कोर्ट में पेशी से पहले दोनों भाइयों से पटना के एटीएस ऑफिस में करीब पौने तीन घंटे तक पूछताछ की गई।

बताया जा रहा है रिमांड के दौरान दोनों भाइयों से पटना में ही पूछताछ की जाएगी। 17 जून को दरभंगा रेलवे स्‍टेशन पर हुए पार्सल ब्‍लास्‍ट मामले में इमरान मलिक और नासिर मलिक को हाल में हैदराबाद से गिरफ्तार किया गया था।

सूत्रों के मुताबिक उनके घर से पुलिेस को दरभंगा ब्‍लास्‍ट में इस्‍तेमाल किए गए केमिकल बम से सम्‍बन्धित कुछ चीजें मिली हैं। पार्सल को बुक करने में इन दोनों भाइयों की भूमिका बताई जा रही है। पता चला है कि ये दोनों कैराना से गिरफ्तार सलीम से आर्डर लेते थे।

सलीम से पूछताछ में इस नेटवर्क का पाकिस्‍तान कनेक्‍शन भी सामने आ रहा है। एटीएस सलीम से सख्ती के साथ पूछताछ कर रही है। पूछताछ में सलीम ने कई राज उगले हैं।

Back to top button