गणतंत्र दिवस पर बुराड़ी में हुई हिंसा के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली: 26 जनवरी को दिल्ली के बुराड़ी इलाके में किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान हुई हिंसा के सिलसिले में तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार किए गए इन आरोपियों की पहचान सुखमीत सिंह (35), गुनदीप सिंह (33) और हरविंदर सिंह (32) के रूप में हुई है। इस पहले हिंसा के सिलसिले में तीन आरोपियों को 10 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बुराड़ी मैदान में हिंसक प्रदर्शन के दौरान पुलिस कर्मियों पर हमले के सिलसिले में 8 लोगों को गिरफ्तार किया था। अब तक हिंसा के मामले में कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
आरोप है कि तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ गणतंत्र दिवस पर किसानों द्वारा निकाली गई ट्रैक्टर परेड के दौरान प्रदर्शनकारियों ने तय मार्ग के बारे में हुए समझौते का उल्लंघन करते और जबरन बैरिकेड तोड़ दिए थे और दिल्ली में दाखिल हो गए थे। इस हिंसा में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।