ब्रिटेन और अफ्रीका के बाद अब जापान में मिला कोरोना का नया स्ट्रेन

टोक्यो : ब्रिटेन और साउथ अफ्रीका में मिले कोरोना के नए वेरिएंट को लेकर पहले से दुनिया में हाहाकार मचा हुआ है। वैज्ञानिक यह पता लगाने में जुटे हुए हैं कि क्या कोरोना के लिए बनाई गई वैक्सीन इन वेरिएंट पर असरदार होगी। यह पता लगाने में भले ही समय लगेगा लेकिन इससे पहले ही कोरोना के एक और वेरिएंट ने दुनिया में एंट्री कर ली है। कोरोना का यह नया स्वरूप जापान में मिला है।  जापान के स्वास्थ्य मंत्रालय को ब्राजील से आए कुछ लोगों में कोरोना वायरस का नया स्वरूप मिला है जो ब्रिटेन और दक्षिण अफ्रीका में मिले वायरस के वेरिएंट्स से अलग है। मंत्रालय ने रविवार को बताया कि एयरपोर्ट पर जांच के दौरान करीब 40 वर्षीय एक पुरूष और करीब 30 वर्षीय महिला और उसके दो बच्चों में वायरस का नया स्वरूप मिला है।

वायरस के नए वेरिएंट के बारे में अधिक जानकारी पाने के लिए जापान अन्य देशों, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और अन्य चिकित्सा विशेषज्ञों के साथ मिलकर काम कर रहा है। मंत्रालय के मुताबिक, एयरपोर्ट पर पहुंचने पर पुरुष में संक्रमण का कोई लक्षण नहीं था, लेकिन बाद में सांस संबंधी दिक्कत होने पर उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। महिला को सिर में दर्द की शिकायत थी, जबकि उसके बेटे को बुखार था और बेटी में संक्रमण का कोई लक्षण नहीं था।

जापान में ब्रिटेन और दक्षिण अफ्रीका में मिले कोरोना वायरस के नए स्वरूप के करीब 30 मामले सामने आए हैं। विशेषज्ञ वायरस के इस नए स्वरूपों के तेजी से फैलने को लेकर चिंता जता रहे हैं। जापान ने शुक्रवार से तोक्यो और उसके आस पास के क्षेत्रों में आपात स्थिति की घोषणा की है। इसके तहत रेस्ट्रॉन्ट और बार रात आठ बजे के बाद बंद रहेंगे। जापान में कोरोना वायरस से करीब 4 हजार लोगों की मौत हुई है और 2 लाख 80 हजार 000 से अधिक लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker