राजधानी में पाए गए 595 और नए मरीज, 13 की इलाज के दौरान हुई मौत…

उत्तर प्रदेश में कोरोना भयावह होता जा रहा है। अफसर वायरस पर अंकुश लगाने में नाकाम हो रहे हैं। हर दिन अस्पताल में मरीजों की सांसें थम रही हैं। सोमवार को राजधानी में 595 नए मरीज पाए गए। वहीं, 13 ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसमें छह शहर निवासी हैं। इसके अलावा 668 कोरोना मरीजों को विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी देदी गई। अब शहर के दो अस्पतालों विवेकानंद और मेदांता में भी कोरोना वायरस का इलाज हो सकेगा।

उधर, बस स्टेशनों के बाद कोरोना संक्रमण ने अब परिवहन निगम मुख्यालय के स्टाफ को लपेटे में लिया है। कुछ दिन पहले निगम के मुख्य प्रधान प्रबंधक प्राविधिक पॉजिटिव मिले। वहीं, वायरस की गिरफ्त में प्रधान प्रबंधक प्राविधिक भी आ गए हैं। इन दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में आए 35 कर्मियों की कोरोना जांच होगी। वहीं, मुख्यालय का मेन गेट बंद करा पूरे भवन का सेनिटाइजेशन कराया गया है। इसके अलावा, अस्पताल के डॉक्टर, कर्मी भी वारयरस की जद में आए हैं। वहीं, मरीजों की कुल संख्या 18 हजार पार कर गई है। नए केस मिलाकर अब 18291 मरीज कोरोना के हो गए हैं। बता दें, राजधानी में मार्च से शुरू हुआ वायरस कोहराम मचाए हुए हैं। जून से हर दिन मरीज आए रहे हैं। तीन माह से वायरस की चेन ब्रेक नहीं हो सकी है।

अगस्त में 104 मरीजों की मौत

शहर में कोरोना से 13 और मरीजों की मौत हो गई। ऐसे में कुल मृतकों की संख्या 216 पहुंच गई है। वहीं, अगस्त में सर्वाधिक मरीजों की मौत हुई है। 17 दिन में कोरोना से 104 मरीजों ने दम तोड़ा है। ऐसे में पुरुषों की संख्या सर्वाधिक है। इसमें कई युवकों की भी बीमारी से जान गई है।

निगोहां में कोरोना प्रकोप, मरीज परेशान

निगोहां  में कोरोना के कई मरीज चपेट में आ चुके हैं। यहां 12 मरीजों में संक्रमण पाया गया है। इसमें एक ही परिवार के आठ मरीज बताए जा रहे हैं। वहीं अभिषेक गुप्ता को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। खुद को सात दिन से होम आइसोलेशन में बताया। वहीं, अभी हेल्थ टीम द्वारा कोई फोन नहीं पहुंचा। दवा भी नहीं मिली। साथ ही चार दिन से परिवारजनों की रिपोर्ट न आने का भी आरोप लगाया।

पुराने लखनऊ में कोरोना मरीजों की भरमार

पुराने लखनऊ में कोरोना मरीजों की भरमार है। यहां 104 लोगों में वायरस की पुष्टि हुई है। ठाकुरगंज में 34, सआदतगंज में 31, चौक में 24, बाजारखाला में 15 लोग बीमारी की चपेट में आ गए हैं। गोमतीनगर में 35, कृष्णानगर में 25, आलमबाग में 29 , हजरतगंज में 17, महानगर में 16, इंदिरानगर में 25, मड़ियांव में 21, रायबरेली रोड के 17, हसनगंज में 18, तालकटोरा में 15, जानकीपुरम में 20, कैसरबाग में 10, आशियाना में 10, विकासनगर में सात, गुडंबा में आठ मरीज मिले हैं। इसके अलावा इंटौजा में पांच, गोसाईगंज में तीन, सरोजनीनगर में 11, बीकेटी में पांच, माल में दो, मलिहाबाद में सात ग्रामीण संक्रमण की जद में आ गए हैं।

668 मरीजों ने जीती जंग

कोरोना संक्रमित 668 लोगों ने वायरस से जंग जीत ली है। केजीएमयू, पीजीआइ, लोहिया संस्थान, राम सागर मिश्र, लोकबंधु, एरा समेत दूसरे अस्पतालों में भर्ती इन मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया। यह मरीज 14 दिन तक क्वारंटाइन में रहेंगे।

ढाई वर्ष के बच्चे की मौत

कोरोना से कुल 13 मरीजों की मौत हुई। इसमें छह शहर निवासी थे। वहीं, केजीएमयू में बलिया निवासी ढाई वर्ष के बच्चे की मौत हो गई। इसके अलावा प्रयाग राज के इस्माइलगंज निवासी 54 वर्षीय पुरुष का निधन हो गया है। वहीं कोरोना वार्ड में उन्नाव की 59 वर्षीय महिला, महाराजगंज की 43 वर्षीय महिला, बलरामपुर निवासी 35 वर्षीय महिला, सुल्तानपुर निवासी 45 वर्षीय पुरुष, अयोध्या के रकाबगंज निवासी 47 वर्षीय पुरुष की भी मौत हो गई है।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker