थाने में हंगामा कर रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष सहित 20 लोगों पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

महराजगंज पनियरा थाने में हंगामा करने व कोरोना महामारी फैलाने के आरोप में पुलिस ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष अवनीश पाल सहित 20 लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पनियरा कस्बे में दो मंजिला मकान को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद है। नीचे कांग्रेस पार्टी का कार्यालय है। शनिवार को मकान को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। पुलिस ने कांग्रेस पार्टी का बोर्ड हटाकर एक पक्ष को कब्जा दिला दिया। इस बात की जानकारी जब कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष अवनीश पाल को हुई तो वह समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और पुलिस पर नियम विरूद्ध कब्जा दिलाने का आरोप लगाने लगे। किसी तरह पुलिस ने मामले को शांत कराया। देर शाम थानाध्यक्ष दिलीप शुक्ला ने जिलाध्यक्ष अवनीश पाल सहित आठ नामजद व 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ लॉकडाउन ब्रेक करते हुए कोरोना महामारी की परवाह किए बिना भीड़ एकत्र करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज किया है।

रुपये लेकर पनियरा पुलिस ने मकान जबरन कब्जा करवा दिया, जो पूरी तरह से अवैध है। मकान में कांग्रेस पार्टी का कार्यालय था। पुलिस की ओर से फर्जी स्टैंप बनवाया गया है। कार्यालय पर रखा कुर्सी मेज भी लूट लिया गया। इस संबंध में थाने में तहरीर दी गई है। – अवनीश पाल, जिलाध्यक्ष कांग्रेस, महराजगंज

पनियरा कस्बे में एक मकान को लेकर दो पक्षों में विवाद है। इसको लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष समर्थकों के साथ छह गाड़ी लेकर थाने में घुस गए, वहां हंगामा हुआ। फिजिकल डिस्टेसिंग का ख्याल नहीं रखा गया। नियम का पालन नहीं करने पर मुकदमा दर्ज हुआ है। – राजू कुमार साव,  सीओ सदर, महराजगंज। 

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker