उत्तर प्रदेश में मानसून ने दी दस्‍तक, कई जिलों में हो सकती है जैम के बारिश

उत्तर प्रदेश। प्रदेश में मानसून ने दस्‍तक दे दी है। रात से ही पूर्वांचल के कई जिलों में बारिश हो रही है। सोमवार को बिहार के रास्‍ते मानसून ने पूर्वी उत्‍तर प्रदेश में दस्‍तक दी थी।

मानसून के बलिया पहुंचने के बाद अब यह पूरे पूर्वी उत्‍तर प्रदेश में सक्रिय हो रहा है। गोरखपुर और बस्‍ती मंडल के कई जिलों में सोमवार देर रात से मंगलवार सुबह तक जमकर बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगर यह तेजी बरकरार रही तो अगले तीन से चार दिनों में लखनऊ में भी मानसून सक्रिय हो जाएगा।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक लखनऊ समेत प्रदेश के पूर्व और मध्य भाग में प्री मानसून एक्टिविटी शुरू हो गई है। लखनऊ के कई इलाकों में रविवार रात और सोमवार सुबह हुई बारिश की वजह से अधिकतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री कम 35.6, जबकि न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इधर, गोरखपुर में सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक  80 मिमि बारिश हुई। इस बारिश में जगह-जगह भारी जलजमाव हो गया। गोरखपुर के मुक्‍तेश्‍वर नाथ मंदिर में भी पानी भर गया। लोगों ने गर्मी और उमस से राहत महसूस की है। लेकिन शहर के कई हिस्‍सों से जलजमाव की सूचना भी मिल रही है।

मौसम विशेषज्ञ के.सी.पांडेय ने बताया कि बलिया तक पहुंची ट्रफ लाइन शाम तक गोरखपुर पहुंचने की संभावना है। इस महीने करीब डेढ़ सौ मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। मानसून इस बार अपने समय पर है। बारिश भी सामान्य रहने की उम्मीद है।

Back to top button