कांग्रेस महासचिव ने श्रीविद्या मठ में लोगों से मुलाकात कर पूछा कुशलक्षेम

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा एक दिवसीय वाराणसी दौरे पर शुक्रवार को सुबह 10.20 बजे चार्टर विमान से वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचीं। प्रियंका के आगमन से पूर्व वाराणसी एयरपोर्ट पर पूर्व सांसद राजेश मिश्रा, पूर्व विधायक अजय राय, वीरेंद्र सिंह व मेवालाल बागी, जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल सहित अन्य नेता एयरपोर्ट पर पहुंच गए थे। प्रियंका गांधी के एयरपोर्ट पहुंचने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मुख्य टर्मिनल भवन में उनका स्वागत किया।

शहर में लोगों से की मुलाकात

एयरपोर्ट परिसर से बाहर निकलते ही कार्यकर्ताओं ने उनके स्‍वागत में जमकर नारेबाजी की। उसके बाद 10.35 बजे प्रियंका गांधी सड़क मार्ग से शहर प्रस्थान कर गयीं। 11 बजे वह राजघाट पर रविदास मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं, यहां दर्शन पूजन के बाद उन्‍होंने प्रसाद भी ग्रहण किया। कांग्रेस महासचिव ने बनारस के संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर में दर्शन किया तो मंदिर के पुजारियों ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस दौरान उनहोंने कहा कि ‘सामाजिक उत्थान में संत शिरोमणि रविदास जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है’।

रविदास मंदिर में दर्शन के बाद नाव से श्री विद्यामठ पहुंचीं जहां पर वह सीएए के विरोध के दाैरान हिरासत में लिए गए लोगों, बीएचयू के छात्रों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों से बातचीत भी की। लोगों से मुलाकात के दौरान प्रियंका ने संपूर्णानंद संस्‍कृत विवि में छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई के जीते हुए प्रत्‍याशियों से मुलाकात कर उनका हौंसला बढ़ाया। लोगों से मुलाकात के बाद प्रियंका गांधी श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर भी दर्शन के लिए ललिता घाट से एक बजे रवाना हो गईं। बाबा दरबार में दर्शन पूजन के बाद वहां से सीधे बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगी।

रास्‍ते में लोगों से की मुलाकात

हरहुआ और व्यासबाग में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का स्थानीय युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़े की थाप पर जोरदार स्वागत किया। सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओ की भीड़ को देखकर खुद प्रियंका ने अपने काफिले को धीमे करवा दिया। स्थानीय महाविद्यालय की छात्राओं को देखकर प्रियंका गांधी काफी प्रसन्न दिखीं और एक एक कर सभी कार्यकर्ताओं से मिली। वहीं इससे पूर्व प्रियंका ने कज्जाकपुरा में अचानक गाड़ी रोक कर स्‍थानीय लोगों से भी मुलाकात की।

विवादों का साया

दूसरी ओर प्रियंका के आगमन के दौरान दौरान राजघाट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर उत्पात भी मचाया और दर्शनथियों को धक्का भी दिया, विवाद यहां तक पहुंचा कि कार्यकर्ताओं ने मौके पर रखी चौकी भी तोड़ डाली। इस दौरान कुछ महिला कार्यकर्ताओं ने प्रियंका से मुलाकात को लेकर हंगामा किया। उन्‍होंने कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनको प्रियंका से नही मिलने दिया है। विरोध स्‍वरुप अब वो कांग्रेस पार्टी छोड़ देंगी, इससे संबंधित वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ। वहीं नाव ओवरलोड होने के कारण प्रदेश अध्‍यक्ष अजय सिंह लल्लू गंगा में गिर गए मगर लोगों की सक्रियता से उनको तुरंत ही निकाल लिया गया।

प्रियंका का दौरा तीन घंटे का

प्रियंका गांधी के साथ इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष अजय कुमार लल्‍लू और राजीव शुक्‍ला भी मौजूद रहे। इससे पूर्व सुबह 8.30 बजे प्रियंका नई दिल्‍ली एयरपोर्ट से रवाना होकर लाल बहादुर शास्‍त्री अंतरराष्‍ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर वाराणसी पहुंचीं। यहां से गुलेरिया कोठी ठहरने के बाद 11.30 बजे बीएचयू जाएंगी। छात्रों से मुलाकात के बाद दोपहर एक बजे वह वापस एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगी। यहां से वह जयपुर एक कार्यक्रम के सिलसिले में विमान से रवाना हो जाएंगी।

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker