ऋषभ पंत के कॉमन सेंस पर पूर्व दिग्गज ने उठाए सवाल, जमकर लगाई लताड़

भारतीय टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत एक बार फिर बड़ी पारी नहीं खेल सके। श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले जा पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन वह अपने विकेट फेंककर चले गए। उनके आउट होने के बाद भारत के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने उनके कॉमन सेंस पर सवाल उठाए हैं।

पंत 62 गेंदों पर 37 रन बनाकर आउट हो गए। नुवांथा केशरा की गेंद पर उन्होंने बड़ा शॉट खेलना चाहा और लॉन्ग ऑफ पर दिनुशा के हाथों लपके गए। पंत के पास मौका था कि वह एक बड़ी पारी खेल सकें, लेकिन वह फेल हो गए।

कैफ ने उठाए सवाल

कैफ ने कहा कि पंत जिस अंदाज में खेलते हैं उन्हें वैसे ही खेलना चाहिए, लेकिन कई बार थोड़ा कॉमन सेंस भी लगाना चाहिए। उन्होंने कहा, “जिस तरह से पंत आउट हुए हैं मुझे उससे शिकायत नहीं है। वह इसी तरह से खेलते हैं, लेकिन शिकायत कॉमन सेंस को लेकर है। ये नई गेंद से पहला ओवर था। वह तीन बार कूदकर आगे गेंद को मारने के लिए आए। कॉमन सेंस कहता है कि आप कट खेल सकते थे। पांच-छह ओवरों तक आराम से खेलते क्योंकि गेंद नई थी। ये टेस्ट मैच की परंपरा है। उनकी तरह जो खेलता है उसे भी कॉमन सेंस यूज करना चाहिए।”

लॉजिक को छोड़ दिया पीछे

कैफ ने कहा कि पंत ने बैटिंग के लॉजिक को ही पीछे छोड़ दिया जो हैरान करने वाला है। उन्होंने कहा, “मैं इस बात से हैरान था कि वह पहली ही गेंद पर आगे आकर मारने लगे। बल्लेबाज को एक बार कैलकुलेट करना होता है। अगर बल्लेबाज 150 पर भी है तब भी जब गेंद नई होगी तो वह कुछ गेंदें आराम से खेलेगा। उन्होंने लॉजिक और क्रिकेट सेंस को पीछे छोड़ दिया।”

Back to top button