हसन महमूद के ‘छक्‍के’ के सामने ऑस्‍ट्रेलियाई बल्‍लेबाजों का सरेंडर, बांग्‍लादेश का तगड़ा पलटवार

ऑस्‍ट्रेलिया को सस्‍ते मे ढेर करने के बाद बांग्‍लादेश ने तगड़ा पलटवार किया है। हसन महमूद के ‘छक्‍के’ के सामने ऑस्‍ट्रेलियाई बल्‍लेबाजों ने सरेंडर कर दिया। बांग्‍लादेश के खिलाफ पहले टेस्‍ट के पहले दिन ऑस्‍ट्रेलिया की पहली पारी 200 रन (198) के भीतर सिमट गई। डार्विन के मरारा क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे इस टेस्‍ट के पहले दिन का खेल समाप्‍त हो गया है। स्‍टंप तक बांग्‍लादेश का स्‍कोर पहली पारी में 96/1 है।

हेड-जेक ने दी शुरुआत

ऑस्‍ट्रेलिया के कप्‍तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर बल्‍लेबाजी चुनी। सलामी बल्‍लेबाज ट्रेविस हेड (22) और जेक वेदरल्ड (23) ने टीम को औसत शुरुआत दी और 45 रन जोड़े। इसके बाद हसन महमूद ने कहर बरपाना शुरू किया। उन्‍होंने सलामी जोड़ी का शिकार किया।

स्मिथ ने लगाई फिफ्टी 

3 नंबर पर उतरे मार्नस लाबुशेन 1 रन ही बना सके। मिडिल ऑर्डर में अनुभवी बल्‍लेबाज स्‍टीव स्मिथ ने पारी को संभाला और ऑस्‍ट्रेलिया के स्‍कोर को 200 के करीब ले गए। दाएं हाथ के इस बल्‍लेबजा ने 7 चौकों और 1 छक्‍के की बदौलत 109 गेंदों पर 71 रन बनाए। हसन की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में स्मिथ कैच आउट हुए।

बिखर गई पूरी टीम

स्मिथ के आउट होने के बाद पूरी कंगारू टीम ताश के पत्‍तों की तरह बिखर गई। कैमरन ग्रीन ने 13, एलेक्‍स कैरी ने 19, बो वेबस्टर ने 12, कप्‍तान पैट कमिंस ने 9, मिचेल स्‍टार्क ने 1 और नाथन लियोन ने 7 रन बनाए। जोश हेजलवुड 4 रन बनाकर नाबाद रहे।
बांग्‍लादेश की ओर से हसन ने 17 ओवर में 55 रन देकर 6 विकेट अपने नाम किए। इसके साथ ही हसन ऑस्ट्रेलिया में 5 या उससे ज्‍यादा विकेट लेने वाले पहले बांग्लादेशी गेंदबाज बन गए हैं। तस्‍कीन अहमद और इबादत हुसैन के खाते में भी 2-2 विकेट आए।

स्‍टार्क ने रचा इतिहास

पहली पारी में बल्‍लेबाजी करने उतरी बांग्‍लादेश को मिचेल स्‍टार्क ने पहला झटका दिया। उन्‍होंने सलामी बल्‍लेबाज शादमान इस्लाम को नाथन लियोन के हाथों कैच आउट कराया। इसके साथ ही स्‍टार्क ने इतिहास भी रच दिया। वह टेस्ट क्रिकेट में बाएं हाथ के गेंदबाजों (स्पिनर्स सहित) में सबसे ज्‍यादा विकेट लेने वाले बॉलर बने। इसके बाद बांग्‍लादेश ने पहले दिन कोई विकेट नहीं गंवाया।

टेस्ट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले बाएं हाथ के गेंदबाज

434 – मिचेल स्टार्क
433 – रंगना हेराथ
414 – वसीम अकरम
362 – डेनियल वेटोरी
355 – चमिंडा वास

दिन का खेल खत्‍म होने तक बांग्‍लादेश ने 1 विकेट के नुकसान पर 96 रन बना लिए हैं। मेहमान टीम अभी 102 रन पीछे है। तंजीद हसन तमीम 32 और मोमिनुल हक 35 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच 60 रन की साझेदारी हो चुकी है।

Back to top button