क्या रद होगा टीम इंडिया का बांग्लादेश दौरा? अफगानिस्तान की वजह से अचानक फंसा पेंच

बीसीसीआई ने अफगानिस्तान के खिलाफ 3 टी20 मैचों की सीरीज का एलान कर दिया है। सीरीज की शुरुआत 13 सितंबर से होगी। दूसरी टी20 15 और आखिरी 17 सितंबर को खेला जाएगा। इसके साथ ही भारत के बांग्लादेश दौरे पर पेंच फंस गया है। यह दौरा सितंबर में ही होना था। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि अब यह दौरा रद भी हो सकता है।
दोनों देशों के बीच गतिरोध
बांग्लादेश को उम्मीद है कि भारत के साथ चल रहा गतिरोध सुलझ जाएगा और वे सितंबर में होने वाली व्हाइट-बॉल सीरीज के लिए पड़ोसी देश की मेजबानी कर पाएंगे। इसी दौरान अफगानिस्तान टीम दिल्ली में भारत के खिलाफ 3 T20I मैचों की सीरीज खेलेगी।
मंत्रियों के स्तर पर बातचीत
बांग्लादेश-भारत सीरीज पर मंत्रियों के स्तर पर बातचीत हो रही है और बांग्लादेश की नई सरकार इस दौरे को लेकर बनी अनिश्चितता को दूर करने की इच्छुक है। दोनों टीमों को पिछले साल अगस्त में बांग्लादेश में तीन वनडे और तीन T20I मैच खेलने थे, लेकिन राजनीतिक तनाव के कारण इसे 2026 तक के लिए टाल दिया गया था।
सरकार से सलाह-मशविरा
सूत्रों ने इंडिया टुडे को बताया कि बांग्लादेश के किसी भी प्रस्ताव पर BCCI सरकार से सलाह-मशविरा करने के बाद ही कोई फैसला ले पाएगी। बांग्लादेश के खेल मंत्री अमीनुल हक ने कहा कि सरकार को जल्द ही कोई समाधान निकलने की उम्मीद है।
जल्द सुलझाना चाहते हैं
AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, हक ने सोमवार को कहा, “इस पर मंत्री स्तर पर काम चल रहा है। हम क्रिकेट वर्ल्ड कप को लेकर बने गतिरोध को जल्द से जल्द सुलझाना चाहते हैं। उम्मीद है कि यह मामला बहुत जल्द सुलझ जाएगा। हम इस मामले को जल्दी सुलझाना चाहते हैं। मैं चाहता हूं कि खेलों के जरिए हमारे पड़ोसी देश के साथ मजबूत और दोस्ताना रिश्ते बने रहें। हम मौजूदा अनिश्चितता के दौर से आसानी से निकलना चाहते हैं।”
प्रधानमंत्री से मुलाकात की
उन्होंने कहा, “भारतीय उच्चायुक्त ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की है। आज विदेश मंत्री और राज्य मंत्री के साथ भी बातचीत हुई। वे भी बहुत उम्मीद कर रहे हैं कि पिछले T20 वर्ल्ड कप को लेकर बनी अनिश्चितता को जल्द ही दूर किया जा सकेगा। हमें उम्मीद है कि बांग्लादेश-भारत सीरीज से जुड़ा मामला दोनों देशों के विदेश मंत्रालयों के बीच बातचीत से सुलझा लिया जाएगा।”
टीम को भारत भेजने से मना किया
बांग्लादेश सीरीज पर तब से ही संदेह बना हुआ है, जब पिछली सरकार ने खिलाड़ियों की सुरक्षा और भलाई को लेकर चिंता जताते हुए 2026 T20 वर्ल्ड कप के लिए टीम को भारत न भेजने का फैसला किया था। इसके बाद टूर्नामेंट में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया था। तब से नई सरकार ने स्पोर्ट्स डिप्लोमेसी के जरिए भारत के साथ रिश्ते सुधारने की कोशिश की है।
तय शेड्यूल पर होगा
BCB के नए अध्यक्ष तमीम इकबाल को उम्मीद है कि भारत-बांग्लादेश का बहुप्रतीक्षित व्हाइट-बॉल टूर तय कार्यक्रम के अनुसार होगा; उनका कहना है कि देश “बेहद सुरक्षित” है। हालांकि, भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज से मामला और उलझा गया है।
बांग्लादेश से इसी दौरान होने थे मैच
भारत और अफगानिस्तान के बीच 13, 15 और 17 सितंबर को टी20 मैच खेला जाएगा। तीनों ही मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे। इससे बांग्लादेश के प्रस्तावित शेड्यूल के साथ टकराव की स्थिति पैदा हो गई है।
भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज
पहला टी20: 13 सितंबर- दिल्ली
दूसरा टी20: 15 सितंबर- दिल्ली
तीसरा टी20: 17 सितंबर- दिल्ली
13 को अफगानिस्तान से मैच
BCB ने भारत के साथ प्रस्तावित व्हाइट-बॉल सीरीज के लिए 29 अगस्त से 15 सितंबर के बीच का समय तय किया है। नए शेड्यूल में तीन वनडे और तीन T20I मैच शामिल थे। वनडे मैच 1, 3 और 6 सितंबर को और उसके बाद 9, 12 और 13 सितंबर को T20I मैच खेले जाने थे। भारतीय टीम के 28 अगस्त को बांग्लादेश पहुंचने की उम्मीद थी।
भारत ने 2022 के बाद से बांग्लादेश का दौरा नहीं किया है। वहीं, बांग्लादेश ने सितंबर-अक्टूबर 2024 में भारत का दौरा किया था, जिसमें दो टेस्ट और इतने ही T20I मैच खेले गए थे।





