नितिन नवीन का लखनऊ में स्वागत, रिसीव करने पहुंचे योगी; रोड शो में बरसे फूल

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लखनऊ पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री और प्रदेश नेतृत्व ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से पार्टी मुख्यालय तक 18 किलोमीटर लंबे रोड शो में 42 से अधिक स्थानों पर अभिनंदन होगा। स्वागत के लिए हजारों कार्यकर्ता और व्यापक तैयारियां की गई हैं।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद नितिन नबीन शनिवार को पहली बार लखनऊ पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्पगुच्छ देकर व भगवा अंगवस्त्र पहनाकर एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से प्रदेश सरकार के मंत्रियों व कार्यकर्ताओं का परिचय भी कराया।

मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट में लिखा कि प्रभु श्रीराम एवं लीलाधारी भगवान श्रीकृष्ण के चरणरज से पावन हुई संस्कृति, संस्कार और सृजन की साधना स्थली उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन जी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करने वालों में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष/केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना, सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, भूपेंद्र चौधरी, एके शर्मा, धर्मपाल सिंह, नंद गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’, संजय निषाद, दारा सिंह चौहान, जेपीएस राठौर, राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा, संजय सेठ, ब्रजलाल, महापौर सुषमा खर्कवाल समेत अन्य मंत्री, जनप्रतिनिधि व संगठन के पदाधिकारी आदि मौजूद रहे।

नितिन नवीन बोले- उत्साह बता रहा फिर बनेगी सरकार
लखनऊ पहुंचे नितिन नवीन ने कहा, यूपी की इस धरती को नमन करता हूं। प्रभु श्रीराम की धरती, भोले बाबा की धरती, श्रीकृष्ण की धरती को नमन करता हूं। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करता हूं। यह उनका कार्यक्षेत्र रहा है। कार्यकर्ताओं का उत्साह है, निश्चित रूप से भाजपा की फिर से सरकार बनेगी। इस कार्ययोजना पर हम काम कर रहे।

इसके बाद एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक 42 से अधिक स्थानों पर उनका स्वागत किया जा रहा है। इसके लिए 50 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता और पदाधिकारी तैनात हैं। राजधानी में एक लाख से ज्यादा पोस्टर-बैनर लगवाए गए हैं।

यहां ओपन वैन में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, सीएम योगी, दोनों उपमुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक करीब 18 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि पूरे रास्ते पर कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया।

वहीं, कार्यकर्ता फूल-मालाओं से उनका स्वागत कर रहे हैं और नारेबाजी कर रहे हैं। रोड शो के दौरान नितिन नवीन ने समर्थकों का अभिवादन करते हुए तलवार भी लहराई। बड़ी संख्या में बुर्का पहने मुस्लिम महिलाएं और टोपी पहने मुस्लिम पुरुष भी रोड शो में शामिल हुए हैं। वहीं, पादरियों और ननों ने भी उनका स्वागत किया।

ए.के. शर्मा बोले- लखनऊ में नितिन नवीन जी का स्वागत
BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के लखनऊ दौरे पर UP के मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा, “…हम उत्तर प्रदेश, लखनऊ में नितिन नवीन जी का स्वागत करते हैं। पार्टी के सभी कार्यकर्ता उनके आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर वह कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। हम उनके मार्गदर्शन और दिशा-निर्देश का इंतजार कर रहे हैं।

मंत्री नरेंद्र कश्यप बोले- चुनावों की तैयारियों को मजबूती मिलेगी
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के लखनऊ दौरे पर यूपी के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तीन दिन के दौरे पर लखनऊ आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए यह खुशी का पल है, क्योंकि यह उनका पहला दौरा है।

उत्तर प्रदेश के लोग और कार्यकर्ता उनका गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन कर रहे हैं। उम्मीद है कि उनके आने से पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश आएगा और 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों को मजबूती मिलेगी। भारतीय जनता पार्टी पहले से ही अपनी चुनावी रणनीति पर काम कर रही है; अध्यक्ष का दौरा इस अभियान को और तेज और मजबूत करेगा।

शाम को नितिन नवीन विधायकों और सांसदों से मिलेंगे
यूपी के मंत्री भूपेंद्र चौधरी कहते हैं, “पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज संगठनात्मक दौरे पर लखनऊ आ रहे हैं। वे पार्टी कार्यालय में पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। शाम को वे विधायकों और सांसदों से मिलेंगे। अलग-अलग कार्यक्रम तय किए गए हैं। वे पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे। उनके दौरे से हमारे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।

Back to top button