दुनियाभर में शेर की तरह राजा शिवाजी ने लगाई दहाड़, मंगलवार को हुई सॉलिड कमाई

रितेश देशमुख की ऐतिहासिक एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘राजा शिवाजी’ बॉक्स ऑफिस पर रुकने का नाम नहीं ले रही है। 75 से 100 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म मराठी सिनेमा को दुनियाभर में एक अलग लेवल पर लेकर गई है।

घरेलू बॉक्स ऑफिस पर तो ‘राजा शिवाजी’ अच्छा बिजनेस कर ही रही है, लेकिन दुनियाभर में भी मूवी ने गदर मचा रखा है। इस ऐतिहासिक फिल्म ने मंगलवार को वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर शानदार बिजनेस किया है।

मंगलवार को ‘राजा शिवाजी’ ने कमाए इतने करोड़
वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर ‘राजा शिवाजी’ को 13 करोड़ रुपये की शुरुआत मिली थी। हालांकि, महज 5 दिनों के अंदर ही मूवी ने दुनियाभर में 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है और अपना बजट निकालने के बेहद करीब पहुंच चुकी है। सैकनिल्क डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार तक वर्ल्डवाइड 46.95 करोड़ रुपये का बिजनेस करने वाली इस फिल्म ने मंगलवार को 6 करोड़ रुपये के आसपास की कमाई सिंगल डे में की है।

रितेश देशमुख और सलमान खान स्टारर इस फिल्म का वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर कुल कलेक्शन 52.68 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। वहीं, घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इसने अभी तक 44.40 करोड़ रुपये की कमाई की है। फिल्म ने मराठी वर्जन से कुल 30.50 करोड़ रुपये कमाए हैं, जबकि हिंदी भाषा में इसका कलेक्शन 13.90 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

मराठी सिनेमा की सबसे महंगी फिल्म है ‘राजा शिवाजी’
रिपोर्ट्स की मानें तो रितेश देशमुख, संजय दत्त, सलमान खान, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन और जेनेलिया डिसूजा स्टारर ‘राजा शिवाजी’ मराठी सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़े बजट की फिल्म है। यह फिल्म लगभग अपनी 58% लागत वसूल कर चुकी है। इस फिल्म के लिए सलमान खान (Salman Khan) सहित कुछ सितारों ने बिल्कुल भी फीस नहीं ली है। इसी के साथ यह भारत की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मराठी फिल्म बन चुकी है।

आपको बता दें कि बीते दिनों जब ‘राजा शिवाजी’ का ट्रेलर लॉन्च हुआ था, तो रितेश देशमुख ने बताया था कि वह इस फिल्म को बनाने का ख्वाब साल 2016 से देख रहे थे, जो 10 साल बाद जाकर पूरा हुआ है। इस फिल्म को मराठी के अलावा हिंदी और तेलुगु भाषा में भी रिलीज किया गया है।

Back to top button