ICICI बैंक को लगा 23 करोड़ का चूना! नकली सोना रखकर लिया गोल्ड लोन

ICICI बैंक में 23 करोड़ रुपये के गोल्ड लोन घोटाले का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार अधिकारियों को इंटरनल ऑडिट में इस बात का पता चला। दरअसल नागपुर में बैंक की नौ ब्रांचों में नकली सोना जमा किया गया है। बैंक के जोनल ऑफिस के कर्मचारी, धनंजय रमेश थिटे की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए, धंतोली पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
जनवरी 2023 से अक्टूबर 2025 के बीच हुआ घोटाला
पुलिस ने बताया कि यह धोखाधड़ी जनवरी 2023 से अक्टूबर 2025 के बीच अंजाम दी गई थी। यह घोटाला तब सामने आया, जब बैंक ने अपने गोल्ड लोन पोर्टफोलियो का इंटरनल ऑडिट किया। इस ऑडिट के दौरान पता चला कि बैंक की नौ अलग-अलग ब्रांचों में गिरवी रखे गए गहने असल में सोने के नहीं है, उसकी जगह नकली सोना जमा किया गया था।
195 खाता धारकों ने लोन के बदले की धोखाधड़ी
पुलिस की माने तो कुल 195 लोगों ने नकली सोना जमा किया है। जिसकी कुल कीमत 23 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही पुलिस का कहना है कि मामले में इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या बैंक के कर्मचारी या अधिकारी भी इस धोखाधड़ी में शामिल थे। क्योंकि सोने की शुद्धता की जांच करने वाले वैल्यूअर्स की मंज़ूरी या हरी झंडी के बिना इतनी बड़ी रकम मिलना संभव नहीं है।





