सीएम नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ पहुंची नालंदा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी महत्वाकांक्षी ‘समृद्धि यात्रा’ के क्रम में आज अपने गृह जिले नालंदा के प्रवास पर रहें। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर पूरे जिले में भारी उत्साह का माहौल दिखा और जिला प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर स्वागत तक की सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली थीं। इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने नालंदा की जनता को 810 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी, जिससे जिले के बुनियादी ढांचे और जन सुविधाओं में व्यापक सुधार होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर शहर की सूरत बदल हुई थी। शहर के प्रमुख मार्गों की मरम्मत के साथ-साथ रंग-रोगन का कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया था और सैकड़ों स्थानों पर भव्य स्वागत द्वार बनाया गया था।

10:30 बजे पहुंचे मुख्यमंत्री
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री आज सुबह करीब 10:30 बजे हेलीकॉप्टर के माध्यम से बिहारशरीफ पहुंचे। उनकी लैंडिंग के लिए नालंदा कॉलेज और सोगरा हाईस्कूल के मैदान में विशेष हेलीपैड तैयार किए गए था। हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से पुराना रांची रोड की ओर प्रस्थान किया जहां वे एलआईसी भवन से सोगरा कॉलेज मोड़ तक स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत नवनिर्मित शानदार फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने कोसुक गांव के समीप पंचाने नदी पर बन रहे रिवर फ्रंट के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

316 करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्धघाटन
विकास की इस कड़ी को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री पुराना स्टेडियम पहुंचे। यहां आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री 316 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हो चुकी 110 योजनाओं का उद्घाटन किया और साथ ही 494 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली 106 नई योजनाओं का शिलान्यास कर उनकी आधारशिला रखी। इन योजनाओं में सरमेरा में बनने वाला कृषि अनुसंधान सह प्रशिक्षण केंद्र, विभिन्न नगर निकायों की विकास योजनाएं, कैला पंचायत सरकार भवन, स्मार्ट सिटी के तहत बने स्कूल, जीविका भवन और खेल मैदान शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक विशाल जनसभा को भी संबोधित किया। जनसभा के उपरांत वे स्टेडियम परिसर में ही बनाए गए अत्याधुनिक अस्थायी सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानी।

जिले के कई इलाके ‘टेंपरेरी रेड जोन’ घोषित
मुख्यमंत्री की उच्चस्तरीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिलाधिकारी कुंदन कुमार के निर्देशानुसार बिहारशरीफ के उन सभी इलाकों को ‘टेंपरेरी रेड जोन’ घोषित किया गया था जहां मुख्यमंत्री का भ्रमण होना था। सुरक्षा के मद्देनजर दीपनगर स्टेडियम, पंचाने नदी रिवर फ्रंट और फ्लाईओवर के आसपास के क्षेत्रों को ‘नो फ्लाई जोन’ में तब्दील कर दिया गया था, जिसके तहत ड्रोन, हॉट एयर बैलून या किसी भी प्रकार की उड़ने वाली वस्तुओं के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहा।

विशेष ट्रैफिक रेगुलेशन प्लान लागू
सीएम की यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए ‘इनटेक नालंदा’ द्वारा विशेष ट्रैफिक रेगुलेशन प्लान लागू किया गया था। शहर के हृदय स्थली माने जाने वाले रांची रोड, अस्पताल मोड़ और कचहरी मोड़ जैसे संवेदनशील इलाकों में सामान्य वाहनों का प्रवेश वर्जित रहा। बाहर से आने वाले वाहनों के लिए रहुई मोड़ और कारगिल बस स्टैंड जैसे स्थानों पर पांच अलग-अलग पार्किंग जोन (P1 से P5) बनाए गए थे। मुख्यमंत्री समीक्षा बैठक के बाद पुलिस लाइन से हेलीकॉप्टर द्वारा पटना के लिए रवाना हो गए।

Back to top button