अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद ने मनाया होली मिलन समारोह, महत्वपूर्ण मुद्दों पर हुई चर्चा

चरखारी (महोबा): चरखारी के प्रसिद्ध सिद्ध धार्मिक स्थल मंदिर श्री बटुक भैरवनाथ जी के परिसर में अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद द्वारा बैठक आयोजित कर होली मिलन समारोह बड़े उत्साह एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्ण विधि-विधान के साथ भगवान श्री परशुराम जी के पूजन-अर्चन, माल्यार्पण एवं आरती से किया गया। इसके उपरांत उपस्थित ब्राह्मण बंधुओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे एवं एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर वेदाचार्य पंडित गुमान महाराज ने होली पर्व के धार्मिक एवं शास्त्रीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पर्व केवल रंगों का उत्सव ही नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक भी है।
कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद जनपद महोबा के जिलाध्यक्ष एवं मंदिर के महंत पंडित जुगुल किशोर द्विवेदी ने उपस्थित सभी लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विभिन्न सामाजिक और शैक्षिक मुद्दों पर चर्चा प्रारंभ करते हुए विशेष रूप से यूजीसी से जुड़े विषय पर ब्राह्मण समाज के विचार आमंत्रित किए।
बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के नियम उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के बीच वैमनस्य की भावना उत्पन्न कर सकते हैं, जिससे समाज में कटुता बढ़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि इससे सामाजिक ताने-बाने पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए सरकार को इस विषय पर पुनर्विचार करते हुए इसे तत्काल वापस लेने पर विचार करना चाहिए।
कार्यक्रम में पंडित योगेश पाठक, पंडित रविंद्र पाठक, पंडित रमन गोस्वामी, इंजीनियर अमित कुमार पटेरिया, उमेश पाठक, चिंता हरण तिवारी, राजेश मिश्रा, प्रवेश तिवारी, रामराज तिवारी, राहुल तिवारी, कमलेश तिवारी, राजेश पांडे सहित बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन आपसी सद्भाव, एकता और समाजहित में मिलकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।





